पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैरा को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बारे में उन्होंने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को लिखित में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो मुख्यमंत्री भगवंत मान जिम्मेदार होंगे। सुखपाल खैरा ने डीजीपी को भेजी शिकायत में बताया है कि शुक्रवार को बजट सत्र में शामिल होने गया था। इसी बीच उनके रिश्तेदारों के कई फोन लगातार आने लगे। पूछने पर बताया कि आपके इंस्टाग्राम अकाउंट पर राज गरेवाल नाम के युवक ने जान से मारने की धमकी दी है।
आरोपी ने धमकी दी है कि वह कहीं पर चले जाए, वह उनके सिरे पर गोली मार देगा। यह पोस्ट दो लाइनों में थी। खैरा ने पोस्ट व अपनी शिकायत डीजीपी गौरव यादव को व्हाट्सएप पर भेजी है। साथ ही उनसे फोन पर बातचीत की। खैरा ने कहा कि इससे मैं डरने वाला नहीं हूं। मगर ऐसी चीजों को जनता और सरकार के सामने लाने की नैतिक जिम्मेदारी बनती है।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले विधानसभा में जिस तरीके का व्यवहार मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया था, वह बिल्कुल अच्छा नहीं था। उन्होंने कहा कि वह सरकार के खिलाफ खुलकर बोलते रहते हैं। ऐसे में सरकारें कुछ भी करवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने परिवार की भी चिंता रहती है। ऐसे में सारे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।