हिसार सीट से इस बार त्रिकोणीय मुकाबला तो बना हुआ है, साथ ही इस त्रिकोणीय मुकाबले में बने तीनों प्रत्याशी भी युवा हैं। खास बात यह भी है कि तीनों युवाओं की माताएं अपने बेटों की जीत के लिए चुनाव मैदान में कूदी हुई हैं और तीनों ही विधायक भी हैं। तीनों ही राजनीतिक घरानों से भी संबंध रखते हैं। हिसार सीट से भाजपा के बृजेंद्र सिंह, कांग्रेस के भव्य बिश्नोई और जजपा के दुष्यंत चौटाला के बीच मुकाबला बना हुआ है।
इनमें उम्र की बात की जाए तो बृजेंद्र सिंह की उम्र तीनों में सबसे ज्यादा है। वे 46 वर्ष के हैं। इसके बाद दुष्यंत चौटाला 31 साल के हैं और भव्य बिश्नोई सबसे छोटे 26 साल के हैं। बृजेंद्र सिंह की माता प्रेमलता उचाना हलके से विधायक हैं। वे वर्ष 2014 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनीं।
इसी तरह निवर्तमान सांसद दुष्यंत चौटाला की माता नैना चौटाला डबवाली से विधायक हैं और वर्ष 2014 में इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ा तथा जीत हासिल कर पहली बार विधायक बनीं। रेणुका बिश्नोई दो बार विधायक रह चुकी हैं। वे वर्तमान में हांसी से विधायक हैं और वर्ष 2014 में वे हजकां की टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची थीं। इससे पहले वे वर्ष 2012 के आदमपुर उपचुनाव में भी जीतकर विधायक बनी थीं।
तीनों के पिता रह चुके विधायक-सांसद
तीनों प्रत्याशियों में यह भी कॉमन है कि तीनों प्रत्याशी बृजेंद्र, भव्य और दुष्यंत के पिता एक बार या एक से अधिक बार विधायक और सांसद दोनों रह चुके हैं। दुष्यंत स्वयं और बृजेंद्र के पिता बीरेंद्र सिंह निवर्तमान सांसद हैं, जबकि भव्य के पिता कुलदीप बिश्नोई पहले सांसद रह चुके हैं। भव्य की दादी जसमा देवी भी विधायक रह चुकी हैं। दुष्यंत व भव्य के दादा प्रदेश के मुख्यमंत्री की बागडोर एक से अधिक बार संभाल चुके हैं।