चंडीगढ़। सेक्टर-19 में सड़क हादसे के दौरान सेक्टर-32 की महिला डॉक्टर से बदतमीजी और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने नगर निगम के एसडीओ को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-19 निवासी एके डडवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से आरोपी को जमानत मिल गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले सेक्टर-32 की महिला डॉक्टर अपने भाई के साथ किसी काम से सेक्टर-19 की मार्केट में आई थी। इस दौरान उनकी एक्टिवा को कार सवार एके डडवाल ने टक्कर मार दी। महिला डॉक्टर ने इसका विरोध किया तो उनके बीच बहस शुरू हो गई। पीड़ित का आरोप है कि डडवाल ने उनके साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ की। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत सेक्टर-19 थाना पुलिस को दी। शिकायत के बाद मामले को लीगल ओपिनियन के लिए भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्सीडेंट, धमकी, मारपीट और छेड़छाड़ की धाराओं के तहत केस दर्ज कर शनिवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में जब आरोपी एके डडवाल का पक्ष जानने के लिए उन्हें कॉल की गई तो उनका नंबर नहीं लगा।