रेस्टोरेंट में पिलाया जा रहा था हुक्का
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ सेक्टर-7 स्थित सुल्तान रेस्टोरेंट में पुलिस ने छापामारी कर हुक्का पिलाने के आरोप में मैनेजर, कैशियर समेत छह ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तीन नाबालिग ग्राहक भी पकड़े गए हैं। पुलिस को मौके से 20 हुक्के और इसमें इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री बरामद हुई है।
सेक्टर-26 थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर मंजीत, कैशियर अर्पण, ग्राहक कुश, करण, रमन और यशपाल के खिलाफ डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के आदेशों की अवहेलना करने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है कि हुक्के में इस्तेमाल होने वाले फ्लेवर में किसी तरह की मादक सामग्री का प्रयोग तो नही किया जा रहा था।
शनिवार शाम को सेक्टर-26 थाना प्रभारी नरेंद्र पटियाल को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-7 स्थित रेस्टोरेंट सुल्तान में हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम रेस्टोरेंट में पहुंची। पुलिस छानबीन में रेस्टोरेंट में तीन नाबालिग समेत सात युवक हुक्का का सेवन करते दिखे।
इसके बाद पुलिस ने जांच के बाद रेस्टारेंट के मैनेजर, कैशियर सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि गिरफ्तार हुए लोगों को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया है। जबकि तीनों नाबालिगों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें वार्निंग देकर छोड़ दिया गया है।