अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के गठन को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मंजूरी दे दी है। इससे आयोग के गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। अब सरकार जल्दी आयोग में चेयरमैन और सदस्यों की नियुक्ति करेगी। जिससे कि आयोग एससी वर्ग के हितों के लिए काम करना शुरू कर देगा। अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी साझा की।
यहां वे अपने विभाग की चार साल की उपलब्धियों को लेकर मीडिया से रूबरू थे। इस मौके पर सीएम के मीडिया सलाहकार भी उनके साथ मौजूद रहे। बेदी ने बताया कि पिछले चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान वर्तमान प्रदेश सरकार ने इन वर्गों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिणिक उत्थान के लिए जितना कार्य किया है। हरियाणा में सात सदस्यीय हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग का गठन कर दिया गया है।
सफाई कर्मचारियों के बच्चों को उच्चतर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए एक मुश्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की स्वीकृति सीएम मनोहर लाल ने प्रदान कर दी है, जिसमें मैट्रिक के लिए 8 हजार रुपये, 12वीं कक्षा के लिए 10 हजार रुपये व स्नातक के लिए 12 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। राज्य में अनुसूचित जाति के बच्चों के लिए पांच स्थानों पर नए छात्रावासों का निर्माण करवाया जाएगा।
बेदी ने कहा कि अब पहले की सरकारों की तरह शगुन योजना के तहत विवाह होने के वर्षों बाद शगुन राशि के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं, विभाग के अधिकारी स्वयं लड़कियों के घर विवाह से एक सप्ताह पहले शगुन राशि का चेक देकर आते हैं। बेदी ने इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर पर भी जुबानी हमला बोला।
बेदी ने कहा कि अगर चौटाला उन्हें जानते तो उनकी गलती है, भाजपा में हर कोई उन्हें जानता है। उन्हें चौटाला के जानने न जानने से कोई फर्क नहीं पड़ता। बेदी बोले कि प्रदेश में सभी दलों में बड़े दलित नेता हुए व समाज का नाम रोशन किया, जबकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने समाज का सिर शर्म से झुका दिया है।