चंडीगढ़। ऑल इंडिया जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मिनर्वा क्रिकेट अकादमी ने डीडीसीए दिल्ली को 2 विकेट से हरा दिया।
मिनर्वा क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बारिश की वजह से यह मुकाबला 26-26 ओवर का खेला गया। डीडीए की पूरी टीम 25.3 ओवर में कुल 168 रन पर सिमट गई। हितेन दलाल ने टीम के लिए सबसे अधिक 43 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में मिनर्वा क्रिकेट अकादमी से युवराज चौधरी और देव यादव ने चार-चार विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिनर्वा क्रिकेट अकादमी ने 25 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम के कप्तान अर्सलान खान ने 41 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 47 रन की पारी खेली। अन्य बल्लेबाज सौरभ धालीवाल ने 31 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। युवराज चौधरी ने 26 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में डीडीसीए से अजय और आयुष ने दो-दो विकेट चटकाए। सौरभ धालीवाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
दिन के दूसरे मैच में पीसीए कोल्ट्स ने बिहार इलेवन को 8 विकेट से मात दी। मैच में टॉस जीतकर बिहार इलेवन की पूरी टीम 40.2 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। टीम में इंद्रजीत ने 27, राहुल ने 32 और सचिन कुमार ने 31 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में रोहित ने 24 रन देकर चार, इंद्र सिंह ने 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीए कोल्ट्स की टीम ने 23.4 ओवर में 2 विकेट पर 143 रन बनाकर मैच जीत लिया। प्रभजोत सिंह ने नाबाद 50 रन और पुखराज मान ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में बिहार इलेवन से सचिन कुमार ने 24 रन देकर 2 विकेट चटकाए।