मैच में गोल करने का प्रयास करते खिलाड़ी।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। मिनर्वा फुटबॉल अकादमी ने यूथ लीग अंडर-21 में धमाकेदार जीत के साथ शुरुआत की। होम ग्राउंड मोहाली में खेलते हुए मिनर्वा की टीम ने पालदी फुटबॉल क्लब होशियारपुर को 4-1 से मात दी। मिनर्वा फुुटबॉल अकादमी ने मैच के शुरुआत से ही अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी। जल्द ही इसका फायदा भी टीम को मिला, जब कुंठल पकीका ने खेल के 10वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-0 कर दिया, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही पालदी फुटबॉल क्लब ने पलटवार करते हुए खेल के 29वें मिनट में गोल दाग मैच का स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
मैच के 45वें मिनट में हिमांशु जांगड़ा ने गोल दागकर मिनर्वा टीम को मैच में 2-1 से बढ़त दिलाई। इसके बाद पालदी फुटबॉल क्लब होशियारपुर ने गोल करने के प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हुआ। मैच में एक बार फिर से मिनर्वा फुटबॉल अकादमी ने गोल करने के प्रयास तेज किए। इस बार टीम से इमरान खान ने 61वें और 82वें मिनट में दो गोल दाग स्कोर 4-1 कर दिया। मैच के आखिरी तक यह लीड जारी रही और मिनर्वा मैच में 4-1 से जीतने में कामयाब रही।