चंडीगढ़। कोरोना संक्रमित होने के बाद पूर्व ओलंपियन व पद़्मश्री मिल्खा सिंह को कोरोना से बचाव के लिए लगाए जाने वाले टीके का महत्व समझ में आया है। शुक्रवार को हाल जानने के लिए जब फोन पर मिल्खा सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके घर पर कुक को बुखार और खांसी थी। उन्होंने कहा कि उसने बताया नहीं, जिसके चलते वे संक्रमित हो गए। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोविड संक्रमण से ठीक हो जाऊंगा, सबसे पहले कोरोना से बचाव का टीका लगवाऊंगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में टीका बहुत जरूरी हो गया है। बात दें कि शुक्रवार को प्रकाशित खबर में अमर उजाला ने जिक्र किया था कि 91 वर्षीय मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी निर्मला मिल्खा सिंह ने टीका नहीं लगवाया है।
सुबह कमरे में की चहलकदमी
बुधवार को कोरोना संक्रमित होने के बाद से मिल्खा सिंह घर पर ही पीजीआई डॉक्टरों की निगरानी में क्वारंटीन हैं। मिल्खा सिंह ने फोन पर बताया कि अपनेआप को कुछ बेहतर महसूस कर रहे हैं। बुखार भी कुछ कम लग रहा है। उन्होंने सुबह अपने कमरे में चहलकदमी भी की।
संजय टंडन ने भी किया टीका लगवाने का आग्रह
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) अध्यक्ष संजय टंडन ने भी फोन पर मिल्खा सिंह से उनका हालचाल पूछा। लगभग दस मिनट हुई बातचीत में उन्होंने मिल्खा सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मिल्खा सिंह ने टंडन को बताया कि वह जल्द ही इस बीमारी से छुटकारा पाकर गोल्फ के मैदान में वापसी करेंगे। वहीं, टंडन ने भी बताया कि उन्होंने मिल्खा सिंह से कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए कहा है।