चंडीगढ़। उड़न सिख के नाम से मशहूर पूर्व ओलंपियन व पद्मश्री मिल्खा सिंह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। फिलहाल उन्हें सेक्टर-8 स्थित आवास पर ही क्वारंटीन किया गया है। बुधवार रात उन्हें 101 डिग्री बुखार था। मिल्खा सिंह के साथ उनके दो नौकर भी संक्रमित पाए गए हैं जबकि पत्नी निर्मला मिल्खा सिंह, बहू कुदरत, पोता हरजय मिल्खा सिंह की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बता दें कि मिल्खा सिंह ने पिछले साल ही अपना 91वां जन्मदिन मनाया था।
मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह ने बताया कि वह लगातार पीजीआई के डॉक्टरों के संपर्क में हैं और उनके अनुसार ही जरूरी दवाइयां दे रही हैं और सावधानी बरत रही हैं। उन्होंने बताया कि मिल्खा सिंह को अलग कमरे में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, मिल्खा सिंह के घर पर खाना बनाना वाला रसोइया (कुक) बीमार था। उसको बुखार के साथ खांसी भी थी। इसके चलते मंगलवार को निर्मल मिल्खा सिंह ने एक निजी लैब से पूरे परिवार और स्टाफ का कोविड टेस्ट करवाया। कुल 12 लोगों की जांच हुई। मिल्खा सिंह के बेटे जीव मिल्खा सिंह इस समय दुबई में गोल्फ टूर्नामेंट में हिस्सा लेने गए हुए हैं, इसलिए परिवार में उन्हें छोड़कर बाकी सबकी जांच कराई गई। बुधवार को कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आई, जिसमें मिल्खा सिंह और उनके दो नौकर कोरोना संक्रमित पाए गए।
नहीं करवाया है टीकाकरण
91 वर्ष की उम्र के मिल्खा सिंह ने अब तक कोरोना से बचाव के लिए लगाए जा रहे टीके की एक भी डोज नहीं लगवाई हैं। उनकी 85 वर्षीय पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह ने भी टीका नहीं लगवाया है। हालांकि बेटा जीव मिल्खा सिंह विदेश में टीका लगवा चुके हैं और वह अगले सप्ताह भारत लौटेंगे।
कोविड सेंटर के उद्घाटन समारोह में जाना था
मिल्खा सिंह को आज (वीरवार) सेक्टर-43 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बनाए गए मिनी कोविड सेंटर के उद्घाटन समारोह में पहुंचना था। उन्हें प्रशासन की ओर से न्योता भेजा गया था, लेकिन बुधवार को उन्हें बुखार हो गया था, जिस वजह वह कार्यक्रम में नहीं जा सके।
क्या कहते हैं मिल्खा सिंह
बीते मंगलवार सुबह सेक्टर-8 स्थित घर के पास पार्क में जॉगिंग करने गया था। लौटकर कोरोना टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट बुधवार को आ गई। फिलहाल डॉक्टरों की सलाह पर घर पर ही हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में पूरी तरह स्वस्थ हो जाऊंगा। इस वक्त भी मैं सकारात्मक सोच को लेकर ही आगे बढ़ना चाहता हूं। -मिल्खा सिंह, पूर्व ओलंपियन