प्रेस क्लब के पास से गुजरे बाइक सवार।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय सेना के शौर्य, सम्मान और देशभक्ति के संगम से ओतप्रोत मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल 2025 की शुरुआत से पहले रविवार को चंडीगढ़ में बाइक रैली निकाली गई। बाइक रैली में सैकड़ों की संख्या में चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली (ट्राईसिटी) के बाइकर्स ने भाग लिया। यह भव्य बाइक रैली शहर की विभिन्न सड़कों से गुजरी। इनमें कई महंगी बाइक्स और स्पोर्ट्स बाइक भी शामिल थी। जहां-जहां से भी बाइकर्स गुजरे, इन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
बाइक रैली का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना और सेना के शौर्य, बलिदान एवं योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना था। रैली को हरी झंडी दिखाकर अधिकारियों ने रवाना किया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस प्रेस क्लब पहुंची।
रैली में सेना के पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय बाइकिंग क्लबों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने भारतीय तिरंगा लहराते हुए जय जवान, जय भारत के नारे लगाए, जिससे माहौल देशभक्ति से गूंज उठा।
आयोजकों के अनुसार, यह रैली मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल 2025 की पूर्व तैयारियों का हिस्सा है, जो आने वाले दिनों में आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में सैन्य इतिहास, वीर गाथाओं, और डिफेंस टेक्नोलॉजी से जुड़ी चर्चाएं, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने भी सड़क किनारे खड़े होकर बाइक सवारों का उत्साहवर्धन किया और इस पहल की सराहना की।