67वें गणतंत्र दिवस के मौके पर भारतीय सेना ने वीरता पुरस्कार की घोषणा कर दी है। इसमें पठानकोट हमले में वीरता का परिचय देने वाले डिफेंस सिक्योरिटी कोर के शहीद हवलदार जगदीश चंद मुख्य रूप से शामिल हैं। बहादुर जवान जगदीश हिमाचल के चंबा का रहने वाला था।
जगदीश चंद को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। पठानकोट एयरबेस में जब आतंकियों ने मेस में खाना बना रहे जवानों पर गोलियां बरसाई थी तो जगदीश चंद निहत्थे ही आतंकियों के पीछे दौड़ पड़े। उन्होंने आतंकियों को ललकारा और एक को पकड़ लिया। थोड़ी देर गुत्थमगुत्था हुई।
फिर उसकी राइफल छीन उसे ही गोली मार दी। पर इस बीच तीन आतंकी पलटकर जगदीश के पास पहुंचे और उन्हें छलनी कर दिया। दीनानगर इनकाउंटर में बहादुरी का परिचय देने वाले राजपूत राइफल के लैंस नायक नरेश सिंह को सेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा।