पटियाला में त्रिपड़ी बाजार के दुकानदार मंगलवार को सड़कों पर उतर आए और रोड जाम करके सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदारों ने कहा कि जब जरूरी सामान की दुकानें, पावरकॉम दफ्तर और बैंक खुल गए हैं तो बाकी दुकानदारों के साथ भेदभाव क्यों हो रहा है।
उनका करोड़ों रुपये का सामान दुकानों में पड़ा खराब हो रहा है। सरकार उन्हें भी दुकान खोलने की अनुमति दे। ऐसा नहीं हुआ तो दुकानदारों को आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दुकानदारों को शांत करके धरने से उठाया।
पटियाला व्यापार मंडल के प्रधान राकेश गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों व दुकानदारों ने अब तक सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए लॉकडाउन का पूरा पालन किया है। अब दुकानदार तंग आ चुके हैं। उनकी दुकानों में रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर व अन्य सामान खराब हो रहा है। सरकार उन्हें भी दुकानें खोलने की इजाजत दे। गुप्ता ने कहा कि शुक्रवार को दुकानदारों ने मिलकर डीसी के साथ बैठक की थी।
इसमें उन्होंने दुकानदारों की समस्याओं को जल्द हल करने का भरोसा दिलाया। अब तक कोई जवाब नहीं मिला। इस कारण दुकानदारों को सड़कों पर उतरना पड़ा। उन्होंने मांग की कि अलग-अलग तरह की दुकानों को हफ्ते में दो-दो दिन खोलने की इजाजत दी जाए।
रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन पंजाब के चेयरमैन नरेश सिंगला की अगुवाई में व्यापारियों ने मंगलवार को बैठक की। मौके पर सरकार व प्रशासन से रेडीमेड कपड़ों के व्यापारियों को हफ्ते में दो दिन दुकानें खोलने की इजाजत देने की मांग की। सिंगला ने कहा कि दुकानों में पड़ा करोड़ों का रेडीमेड गारमेंट व कपड़ा खराब हो रहा है। कई ने तो बैंकों से कर्ज लेकर माल उठाया था। अब कमाई न होने की सूरत में दुकानदार इस कर्ज का ब्याज कैसे भरें। अपने कर्मचारियों को तनख्वाह भी देना है। सरकार इस समस्या का जल्द हल निकाले।
जालंधर: कूलर-पंखे बेचने उमड़ा बाजार, कराना पड़ा बंद
जालंधर के डीसी वरिंदर कुमार शर्मा ने इजाजत क्या दी, सोमवार को फगवाड़ा गेट का सारा बाजार ही पंखे व कूलर बेचने के लिए अपनी दुकानों पर पहुंच गया। इनमें से कुछ दुकानें ऐसी थी जो वाकई पंखे, एसी व कूलर बेचने वाली थी। वहीं कुछ दुकानदारों ने अपने साथ लगती दुकानों से कुछ पंखे लेकर रख लिए, ताकि ऐसा लगे कि वह पंखे व कूलर बेचने का कार्य करते हैं।
इसकी सूचना जब जिला पुलिस को लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर फगवाड़ा गेट बाजार बंद करवा दिया। दरअसल, दुकानदारों में राय बनी थी कि एक दुकान छोड़कर एक दुकान खोली जाए। सुबह होते ही मार्केट में कूलर, पंखे व रिपेयर की दुकानों के साथ सभी दुकानें भी खुल गई। मार्केट में सभी दुकानें खुलने का शोर मच गया। पुलिस ने पहुंच कर दुकानें बंद करवा दी।