एनसीसी थर्ड एयर स्क्वाड्रन बटालियन के कैडेट को ट्रेनिंग देने वाला माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट सोमवार को यहां आर्मी कैंटोनमेंट एरिया में क्रैश हो गया। इस हादसे में एयरक्राफ्ट के पायलट ग्रुप कैप्टन गुरप्रीत सिंह चीमा की मौत हो गई जबकि एक एनसीसी कैडेट घायल हो गया। भारतीय वायुसेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक ‘पिपिस्ट्रल वायरस एसडब्ल्यू 80’ ट्रेनर एयरक्राफ्ट ने पटियाला-संगरूर रोड पर एविएशन क्लब से सोमवार को सुबह साढे़ ग्यारह बजे उड़ान भरी थी। ग्रुप कैप्टन गुरप्रीत सिंह चीमा सरकारी महिंदरा कालेज के एनसीसी कैडेट विपिन कुमार यादव को विमान उड़ाने की ट्रेनिंग दे रहे थे। थोड़ी सी ऊंचाई पर जाने के बाद ही इसमें तकनीकी खराबी आ गई।
इससे यह एविएशन क्लब के सामने पेड़ों से जा टकराया। हादसे के बाद एयरक्राफ्ट आर्मी कैंटोनमेंट एरिया के अंदर ही गिर गया। चीमा को गंभीर हालत में तुरंत पटियाला के आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में एनसीसी कैडेट विपिन भी घायल हो गए। उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के आर्मी अस्पताल रेफर किया गया है। ग्रुप कैप्टन चीमा यहां डेपुटेशन पर आए थे। वे एयरफोर्स स्टेशन में एनसीसी थर्ड एयर स्क्वाड्रन के कैडेटों को प्रशिक्षण देते थे।
सीएम ने पटियाला विमान हादसे पर दुख जताया
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्रेनर एयरक्राफ्ट हादसे और उसमें ग्रुप कैप्टन की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन यादव के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।