भाजपा के अमृतसर से उम्मीदवार अरुण जेटली ने श्री हरमंदिर साहिब में बनी यादगार पर कहा कि उनकी पार्टी ऑपरेशन ब्लू स्टार की यादगार को बनाना गलत मानती है।
वह आज भी अपने और पार्टी के पहले स्टैंड पर कायम हैं। अमृतसर में मीडिया सेंटर का उद्घाटन करने के बाद जेटली प्रेसवार्ता कर रहे थे।
जेटली ने कहा कि उनकी पार्टी श्री हरमंदिर साहिब में बनी यादगार का विरोध करती हैै। अकाली दल के साथ हमारा गठबंधन है, लेकिन विभिन्न मुद्दों पर दोनों के राजनीतिक स्टैंड अलग हो सकते हैं।
जेटली का यह बयान देना अकाली दल के लिए मुश्किल बन सकता है। बता दें कि पंजाब भाजपा ने पहले भी इस यादगार का विरोध किया था।
लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही अकाली दल और कांग्रेस के बीच इस मुद्दे पर तीखी बयानबाजी होती रही है। जेटली ने कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियां नाकाम हो रही हैं।
गृह मंत्री ने कुछ दिन पहले कहा था कि मोदी की सुरक्षा मजबूत है। अब आतंकवादियों के पकड़े जाने के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियों पर प्रश्न चिह्न लग गया है।
कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनने वाली एनडीए सरकार इस क्षेत्र की समस्याओं का हल पहल के आधार पर करेगी। भाजपा के बड़े नेताओं के बीच कोई फूट नहीं है।
चाहे कैप्टन अमरिंदर चुनाव मैदान में आएं या कोई और वह मतों के भारी अंतर से इस चुनाव को जीतेंगे। जेटली ने दावा किया कि एनडीए के साथ क्षेत्रीय दल जुड़ रहे हैं और यूपीए का साथ छोड़ रहे हैं।
इस अवसर पर युवा अकाली दल के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया, संसदीय सचिव व अकाली नेता इंद्रबीर सिंह बुलारिया भी मौजूद थे।