ट्रैक के मरम्मत कार्य के लिए रेलवे रविवार को चार घंटे के दो मेगा ब्लॉक लेगा। अंबाला-लुधियाना रेलमार्ग पर डाउन लाइन पर कैंट रेलवे स्टेशन व एक अन्य स्थान पर यह ब्लॉक होगा। इससे रेलमार्ग रविवार को अस्त-व्यस्त रहेगा। रेलवे द्वारा कई ट्रेनों को डायवर्ट किया जाएगा जबकि कई को रद्द किया जाएगा। इसके अलावा कई ट्रेनों को देरी से चलाया जाएगा।
इस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को डाउन लाइन पर दो स्थानों पर होने वाले मरम्मत कार्य की वजह से ट्रेन नंबर 22430 पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस, 12380 अमृतसर-सियालदहा एक्सप्रेस, 12752 जम्मू-नांदेड़ हमसफर एक्सप्रेस और 22552 जालंधर सिटी-दरभंगा एक्सप्रेस को अंबाला-लुधियाना रेलमार्ग के बजाए साहनेवाल-चंडीगढ़ रेलमार्ग से निकाला जाएगा।
यह ट्रेनें रहेंगी रद्द
मेगा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों को बीच मार्ग में भी रद्द किया जाएगा। इनमें ट्रेन नंबर 54552 बठिंडा-अंबाला कैंट अप पैसेंजर पटियाला-अंबाला कैंट के मध्य रद्द रहेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 54553 अंबाला कैंट-धुरी डाउन पैसेंजर रविवार को अंबाला कैंट-पटियाला स्टेशन के मध्य रद्द रहेगी। रविवार को ट्रेन नंबर 12920 कटड़ा-इंदौर एक्सप्रेस और 11058 अमृतसर-लोक मान्य तिलक एक्सप्रेस को 90 मिनट देरी से चलाया जाएगा। मेगा ब्लॉक की वजह से कैंट रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन नंबर 12926 अमृतसर-बांद्रा एक्सप्रेस और 22430 पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस के प्लेटफार्म बदले जाएंगे।