पार्टी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शनिवार को सलाह दी है कि नेता चमचागीरी से दूर रहें। उन्होंने कहा कि चमचागीरी बर्बाद कर देती है। ऐसे में चमचों से जितना बचा सके बचना चाहिए।
पार्टी प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि एक दिन सभी नेताओं के पीछे भूतपूर्व लगना लाजमी है चाहे वह सांसद हो चाहे मेयर या फिर पार्षद इसलिए सभी को ऐसे अभूतपूर्व काम करने चाहिए जो जनता, समाज और देश के काम आए। सेक्टर-33 पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में प्रभात झा ने यह भी कहा कि आगे से जो भी इस तरह की बैठक हो उसमें नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी बोलने का मौका दिया जाए।
बैठक में नगर निगम के मनोनीत पार्षदों ने भी भाग लिया जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से गायब रहे। पूर्व सांसद सत्यपाल जैन सुबह एक घंटे के लिए बैठक में शामिल होने के लिए आए। इस बैठक में मेयर आशा जसवाल और संगठन मंत्री दिनेश कुमार ने भी भाग लिया। कार्यकारिणी की बैठक सुबह से शाम तक चलती रही।