चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय में चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी (सीएचसीसी) की 23वीं बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पंजाब यूनिवर्सिटी के मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी गई। साथ ही सेक्टर-15 की पटेल मार्केट को ‘स्ट्रीट फॉर पीपुल’ की थीम पर विकसित करने के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। बैठक में हेरिटेज सेक्टरों (सेक्टर-1 से 30) के कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई और इन्हें मंजूरी दी गई।
जानकारी के अनुसार पंजाब यूनिवर्सिटी ने छात्रों की मांग और भविष्य की जरूरत को देखते हुए मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसमें आवासीय, स्टूडेंट सेंट्रिक व अन्य गतिविधियों के लिए यूनिवर्सिटी के अंदर जगहों की मार्किंग की गई है। क्योंकि पीयू हेरिटेज सेक्टर (सेक्टर-1 से 30) में पड़ता है इसलिए प्लान को हेरिटेज कमेटी के सामने प्रस्तुत करना जरूरी था।
मास्टर प्लान बनाने के बाद ही पीयू के अधिकारियों की तरफ से वीरवार को कमेटी के सामने प्रेजेंटेशन दी गई, जिसके बाद कमेटी ने मंजूरी दे दी। बैठक में कैपिटल कॉम्प्लेक्स के प्रबंधन पर चर्चा हुई और शहीद स्मारक समेत विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सलाहकार ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं योजना प्रबंधन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
ऐसा होगा स्ट्रीट फॉर पीपुल
सेक्टर-15 मार्केट के जीर्णोद्धार के लिए नगर निगम की स्ट्रीट फॉर पीपुल परियोजना को सीएचसीसी से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत आठ से 10 करोड़ रुपये है। इसके तहत सेक्टर-15 मार्केट का सौंदर्यपूर्ण, पैदल चलने और साइकिल के अनुकूल अपग्रेड किया जाएगा। क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए लैंडस्केपिंग की जाएगी। डिजाइनर टाइलों, कोबल स्टोन और अन्य उपयुक्त सामग्रियों का उपयोग कर फर्श को फिर से तैयार किया जाएगा। लोगों के लिए आरामदायक बैठने की जगह बनाई जाएगी। परियोजना की योजना के अनुसार सभी सुविधाओं को अपग्रेड किया जाएगा और साथ ही वाटर एटीएम और सजावटी लाइटिंग सहित नई सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। सीसीटीवी कैमरे और टीवी स्क्रीन लगाकर क्षेत्र की सुरक्षा सुविधाओं में सुधार किया जाएगा।