जमीन से संबधित कागजात में प्रयोग होने वाले वाहिब, मुतबन्ना, माहूना, मालगुजारी, वसीका, रफा-ए-आम, तरमीम, जद्दी, बारानी, फरीक अव्वल जैसे अरबी-फारसी के शब्द आमजन की समझ से बाहर रहते हैं। इस कारण अक्सर लोगों के साथ फर्जीवाड़ा भी हो जाता है।
इस समस्या से निपटने के लिए राजस्व आयोग ने ऐसे 900 शब्दों की सूची तैयार की है। सूची में इन शब्दों के हिंदी व अंग्रेजी में अर्थ भी बताए गए हैं। राजस्व विभाग ने यह सूची सभी जिलों के जिला उपायुक्तों को भेजकर 15 दिनों में सुझाव मांगे हैं। ताकि पूरे प्रदेश की एक समान सूची तैयार कर राजस्व विभाग की वेबसाइट पर अपलोड की जा सके।
यह भी पढ़ें: अमृतसर पहुंचा सुपर कपल: मंगेतर परिणीति चोपड़ा संग श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए सांसद राघव चड्ढा
16वीं शताब्दी में मुगल शासक अकबर के वित्त मंत्री टोडरमल के समय में जमीन के रिकार्ड के संबंध में अरबी-फारसी के शब्द प्रयोग किए जाते थे। इन शब्दों का प्रयोग अंग्रेजों ने भी जारी रखा। जमीनों की लिखा-पढ़ी में ये शब्द आज भी प्रयोग हो रहे हैं। इन शब्दों को केवल राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी या तहसीलों में रजिस्ट्री लिखने वाले वसीका नवीस ही समझते हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राजस्व आयोग को जमीन संबंधी मामलों में सरलीकरण का निर्देश दिया था।
सभी डीसी से मांगे गए सुझाव
मुगल काल से प्रयोग हो रहे अरबी-फारसी के कई शब्द आमजन को समझ नहीं आते। इन शब्दों की सूची तैयार कर सभी डीसी को भेजी है। उनसे राय भेजने को कहा है। सभी डीसी के सुझाव मिलने के बाद सूची को अपडेट करके राजस्व विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसके बाद लोग अपने जमीन संबंधी रिकॉर्ड में प्रयोग हो रहे इन शब्दों के अर्थ जान सकेंगे।
- वीएस कुंडू, चेयरमैन राजस्व आयोग
प्रयोग हो रहे हैं ऐसे कठिन शब्द
अरबी-फारसी शब्द हिंदी अर्थ अंग्रेजी अर्थ
इंतकाल मालिकाना हक बदलना म्यूटेशन
तरमीम संशोधन सप्लीमेंट
फरीक अव्वल प्रथम पक्ष फर्स्ट पार्टी
फरीक दोयम द्वितीय पक्ष सेकेंड पार्टी
पड़त पटवार पटवारी का रिकॉर्ड पटवारी रिकॉर्ड
पड़त सरकार सरकार के पास रिकॉर्ड गवर्नमेंट रिकॉर्ड
मुवाहिब दान करने वाला डोनर
मोहूबदूला दान लेने वाला रिसीवर
मालगुजारी भूमि कर प्रॉपर्टी टैक्स
आबादी देह बसा हुआ क्षेत्र --
बंजर जदीम चार फसलों तक खाली --
बंजर कदीम आठ फसलों तक खाली भूमि --
सेहदा तीन गांवों की जमीन के मिलान बिंदु पर लगा पत्थर --
रफा-ए-आम सभी के लिए रास्ता --