Municipal Corporation office Chandigarh
- फोटो : File Photo
शहर में तीन वार्ड ऐसे हैं जिनके उम्मीदवारों को 20 हजार मतदाताओं का वोट तो चाहिए, लेकिन वे उनके एरिया के विकास में कोई योगदान नहीं कर पाएंगे। इन मतदाताओं के एरिया नगर निगम के दायरे में आते ही नहीं हैं।
चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार वायदा कर रहे हैं कि जीत के बाद प्रशासन से दबाव डालकर उनके एरिया को भी निगम में शामिल करवा लिया जाएगा। लेकिन पिछले नगर निगम चुनाव में भी यहीं वायदे मतदाताओं के साथ किए गए थे।
वार्ड नंबर-2 में पंजाब विश्वविद्यालय, पीजीआई और पेक शामिल हैं। इनके रिहायशी इलाकों में विकास नगर निगम का पार्षद नहीं करवा पाता है। पंजाब विश्वविद्यालय में 2470, पीजीआई में 2024 और पेक के रिहायशी इलाके में 922 मतदाता हैं। इस वार्ड में भाजपा की उम्मीदवार पूर्व मेयर राज बाला मलिक और कांग्रेस की उम्मीदवार दीपा असधीर दूबे हैं।
इसी तरह से वार्ड नंबर-13 और 22 का हाल है। यह दोनों दक्षिणी सेक्टरों में शामिल है। यहां पर कुल 112 निजी सोसाइटी हैं। जिनमें से 22 सोसाइटी वार्ड नंबर-22 में शामिल हैं।
पीयू, पीजीआई और पेक में हैं 20 हजार मतदाता
municipal corporation elections
नगर निगम हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाए गए रिहायशी इलाके में ही अंदरूनी विकास करता है। प्रशासन के अनुसार जो सोसाइटियों को फ्लैट बनाने के लिए जमीन दी गई थी तो यह शर्त शामिल थी कि सोसाइटियों के भीतर का विकास लोग खुद करवाएंगे जबकि निवासियों का कहना है कि जब वह अन्य सेक्टर वासियों की तर्ज पर टैक्स देते हैं तो उन्हें भी अन्य रिहायशी इलाके की तर्ज पर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
वार्ड नंबर-13 में 49, 50 और 51का एरिया शामिल है। इस वार्ड में 17200 मतदाता हैं, इनमें से निजी सोसाइटियों में रहने वाले मतदाताओं की संख्या 8500 है। जिनको वोट के अधिकार का फायदा नहीं मिलता है जबकि वार्ड नंबर-22 में सेक्टर-47,48 और 49 का एरिया शामिल है।
सेक्टर-48 और 49 में 22 सोसाइटियां है। जिनमें 5600 मतदाता ऐसे है जो अपनी सोसाइटियों के भीतर का विकास अपनी जेब से करवाते हैं। जबकि इस वार्ड में कुल मतदाता 14769 हैं।
यहां के रेजिडेंट्स चाहते है कि सोसाइटी के भीतर सड़क, पार्क, स्ट्रीट लाइट और अन्य रखरखाव नगर निगम ही करें। जबकि इन सोसाइटियों के भीतर जो लाइटें चलती हैं, उनका भी प्रशासन कामर्शियल बिल चार्ज कर रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि उन्हें उनके वोट डालने का कोई फायदा नहीं मिल रहा।
वार्ड नंबर-13 से कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी चौधरी और भाजपा की उम्मीदवार हीरा नेगी हैं। जबकि वार्ड नंबर-22 से कांग्रेस का उम्मीदवार संदीप भारद्वाज और भाजपा का उम्मीदवार देवेश मोदगिल है।