प्रापर्टी टैक्स पर 30 फीसदी छूट पाने के लिए भुगतान करने की अवधि बढ़ाने की लोगों की मांग पर नगर निगम ने संज्ञान लिया है।
मेयर उपिन्दर कौर आहलूवालिया ने स्थानीय निकाय मंत्री और वित्तायुक्त को पत्र लिखकर प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की तारीख 31 दिसंबर तक करने की सिफारिश की है।
फिलहाल, 25 नवंबर तक करदाताओं को अपनी प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर रियायत देने का प्रावधान है। यदि मेयर की सिफारिश मान ली गई तो शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कई बिंदुओं पर अब भी उलझन
प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग नगर निगम और बैंकों की शाखाओं में पहुंच रहे हैं। क्लीनिक, पेट्रोल पंप मालिकों, सोसाइटी मालिकों सहित कई ऐसे वर्ग हैं, जिन्हें तारीख बढ़ने का इंतजार है। करीब 8500 फ्लैट मालिक भुगतान को लेकर अब भी उलझन में हैं।
रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के मुताबिक, प्रॉपर्टी टैक्स में कई बिंदुओं पर स्पष्टता नहीं थी। नतीजतन इस वजह से भी लोगों को देरी हुई है।
सेक्टर-20 निवासी बीबी शर्मा ने कहा कि नोटिफिकेशन के मुताबिक प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की तारीख घोषित होने के बाद कम से कम 45 दिनों का वक्त मिलना चाहिए। अब भी कुछ बिंदु स्पष्ट नहीं हैं।
सोसाइटी वालों ने कहा, अधिक टैक्स क्यों
सोसाइटियों में रहने वालों की मांग है कि उन पर कई गुना अधिक टैक्स का बोझ बढ़ गया है। इसमें हुई तकनीकी कमी को दूर कर प्लॉट और फ्लैट के लिए एक जैसा ही प्रावधान किया जाना चाहिए। दोनों के लिए प्रति वर्ग गज के हिसाब से ही टैक्स लगाया जाना चाहिए।
फ्लैट मालिकों के लिए भी पहल
मेयर ने प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर जारी अधिसूचना से प्रभावित सोसाइटियों में रहने वाले करीब 8500 फ्लैट मालिकों के लिए भी टैक्स दर को प्रति वर्ग फुुट की बजाय प्रति वर्ग गज के आधार पर करने की कवायद शुरू कर दी है।