मेयर चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई। इस बार अनुसूचित जाति के लिए मेयर पद आरक्षित हैं। एक जनवरी को होने वाले मेयर के चुनाव में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं और ऐसे में सभी पार्टियों और उम्मीदवारों ने अपने-अपने जुगाड़ भिड़ाने शुरू कर दिए हैं।
मेयर का चयन जनता द्वारा चुने गए पार्षदों और मनोनीत पार्षदों के हाथ में है, लेकिन लोगों को यही उम्मीद रहती है कि जो भी मेयर बने, वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरे।
लोग किस तरह का मेयर चाहते हैं, इस बारे में शहर की रेजिडेंट्स वेलफेयर ने कुछ इस तरह अपनी उम्मीदें जाहिर की।
मेयर ऐसा होना चाहिए जो विकास के मुद्दों पर ध्यान दे और सभी को साथ लेकर चले। उसका अफसरों पर कंट्रोल होना चाहिए। पढ़ा-लिखा और समझदार होना चाहिए और निगम हाउस को हंगामे से दूर रखे।
पीसी सांघी, चेयरमैन, फॉसवेक
मेयर वो ही होना चाहिए जो लोगों के काम भी करवाए और उनसे संपर्क में भी रहे। उसका निगम अफसरों से भी तालमेल अच्छा होना चाहिए, ताकि जनता के काम करवाए जा सकें।
ओपी वर्मा, चेयरमैन,
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-20
चंडीगढ़ शहर अपनी सुंदरता के लिए जाना जाता है, लेकिन शहर की सुंदरता बिगड़ती जा रही है। मेयर वो ही हो जो शहर की सुंदरता को प्राथमिकता दे। इसके अलावा शहर के विकास पर भी ध्यान दे। हमारे सेक्टर में ही विकास के कई काम वर्षों से रुके पड़े हैं।
जनक राम, वाइस चेयरमैन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-50
ये हैं मेयर पद के संभावित उम्मीदवार
1. सतीश कैंथ--- कांग्रेस
शैक्षणिक योग्यता-----12वीं
राजनीतिक अनुभव----वर्ष 1989 से राजनीति में हैं। इस समय वार्ड नंबर 20 केपार्षद और दो सालों से डिप्टी मेयर हैं। चंडीगढ़ ब्लॉक यूथ कांग्रेस में उपाध्यक्ष और चंडीगढ़ टैरिटोरियल कांग्रेस कमेटी एससी/एसटी सेल में महासचिव भी रह चुके हैं।
वार्ड अचीवमेंट---इंडस्ट्रियल एरिया में पिछले कई सालों से लगे 298 पोल पर स्ट्रीट लाइट लगवाईं। इंडस्ट्रियल एरिया और सेक्टर-29 में सड़कों का निर्माण करवाया। सेक्टर-29 में ग्रीन बेल्ट का निर्माण और पार्कों में लाइटें लगवाईं। पार्कों में एलईडी लाइटें और सेक्टर-29 में ही ट्यूबवेल लगाने का प्रस्ताव पास करवाया।
2. हरफूलचंद कल्याण----कांग्रेस
शैक्षणिक योग्यता------बीए
राजनीतिक अनुभव----पिछले दो निगम चुनावों में जीतते आए हैं। 2006 में वार्ड नंबर-7 से पार्षद चुने गए और इस समय वार्ड नंबर-13 के पार्षद हैं। 2008 में डिप्टी मेयर और 2009 में सीनियर डिप्टी मेयर रहे।
वार्ड अचीवमेंट-----सेक्टर-49 में कम्युनिटी सेंटर और वैली ऑफ एनीमल पार्क का निर्माण, सेक्टर-50 में ग्रीन बेल्ट का निर्माण, सेक्टर-50 और 51 में डिस्पेंसरी के निर्माण का प्रोजेक्ट पास करवाया और प्राइमरी स्कूल बनाने का काम शुरू करवाया।
3. नरेश कुमार-----बसपा
शैक्षणिक योग्यता---12वीं
राजनीतिक अनुभव---10 सालों से राजनीति में हैं और इस समय वार्ड नंबर-19 से पार्षद हैं।
वार्ड अचीवमेंट---इलाके में रोड रीकारपेटिंग के काम करवाए। ग्रीन बेल्ट का निर्माण करवाया। पार्कों में टो वॉल लगवाई। सेक्टर-26 में कई जगह ग्रिल लगाने का काम करवाया। वार्ड में पेवर ब्लॉक लगवाए।
4. राजिंदर कौर रत्तू----भाजपा
शैक्षणिक योग्यता----10वीं
राजनीतिक अनुभव----पिछले 18 सालों से राजनीति में हैं। वार्ड नंबर-24 दो बार जिला अध्यक्ष रह चुकी हैं और महिला मोर्चा में भी उपाध्यक्ष रही हैं।
वार्ड अचीवमेंट----कम्युनिटी सेंटर की रेनोवेशन, दो ट्यूबवेल लगवाए, एनएसी के पास ग्रीन बेल्ट का प्रोजेक्ट पास करवाया। राजीव कालोनी-मौलीजागरां के बीच सड़क का निर्माण, चरण सिंह कालोनी में सड़क का निर्माण।
बसपा ने भी उतारा अपना उम्मीदवार
इस बार मेयर चुनाव में बहुजन समाज पार्टी भी अपना उम्मीदवार उतारने जा रही है। बसपा संयोजक अनवर-उल-हक का कहना है कि उनकी ओर से पार्षद नरेश कुमार उम्मीदवार होंगे। हक ने कहा कि अंदरखाते पार्टियों के नेताओं से समर्थन को लेकर बातचीत चल रही है।