फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मास्टर प्लान: पाटिल और खेर आज आमने-सामने

Sun, 29 Jun 2014 11:21 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
मास्टर प्लान-2031 के ड्राफ्ट पर सोमवार को फिर से मंथन होगा। मास्टर प्लान को लेकर प्रशासक शिवराज पाटिल और भाजपा नेताओं में पिछली बैठक में ठन चुकी है।
विज्ञापन


सोमवार को पाटिल और सांसद किरण खेर आमने-सामने होंगे। शहर से जुड़े मुद्दों को लेकर बैठक हंगामेदार होने के आसार हैं। रविवार को किरण खेर चंडीगढ़ पहुंचीं। उसके बाद भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में मास्टर प्लान को लेकर एजेंडा तैयार किया गया। पिछली बैठक में सांसद को नजरंदाज करने को लेकर भी भाजपा में नाराजगी है।

भाजपा का एजेंडा तैयार

भाजपा की चंडीगढ़ इकाई की कोर ग्रुप की बैठक में मास्टर प्लान को लेकर शहर से जुड़े मुद्दों पर दो घंटे तक चर्चा हुई। सोमवार को एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में यह भी तय किया गया कि मास्टर प्लान में पार्टी के उन वायदों को शामिल कराने पर जोर दिया जाए जो चुनाव घोषणा पत्र में हैं।

सांसद की ओर से जो सुझाव दिए जाएं उनमें हाउसिंग बोर्ड के मकानों में नीड बेस्ड चेंजेज को नियमित करना, सिंगल विंडो सिस्टम बनाना, लाल डोरा से बाहर बने मकानों को नियमित करना आदि को रखा जाए। इसके अलावा किरण खेर यूटी प्रशासन के एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में कर्मचारियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और व्यापारियों के मुद्दे भी उठाएंगी।

यूटी गेस्ट हाउस में आज 11 बजे मीटिंग

मास्टर प्लान को लेकर सोमवार को 11 बजे यूटी गेस्ट हाउस में मीटिंग होगी। चंडीगढ़ प्रशासन के आला अधिकारियों के अलावा कमेटी में शहर के विभिन्न वर्गो के 43 सदस्य शामिल हैं। 19 जून को हुई बैठक में करीब 20 लोगों को ही अपने विचार रखने का मौका दिया गया। ऐसे में सोमवार को अन्य सदस्य भी अपनी बात शिवराज पाटिल के सामने रख सकते हैं।  

खेर ने की पूरी तैयारी
खेर ने मास्टर प्लान को लेकर सोमवार को होने वाली मीटिंग से पहले काफी होमवर्क किया है। उन्होंने मामले से जुड़े बीजेपी नेताओं से विस्तार से पूरे प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली। पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक सेक्टर-37 के पंजाब प्रदेश कार्यालय में हुई। बैठक में सांसद किरण खेर, प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल जैन, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हरमोहन धवन के अलावा संगठन मंत्री अजय जमवाल शामिल रहे।

यूनियन ने किरण खेर को सौंपे सुझाव

मास्टर प्लान को लेकर विभिन्न वर्गों के लोगों ने रविवार को सांसद को अपने सुझाव दिए। चंडीगढ़ ट्रेडर्स यूनियन के सदस्यों ने मास्टर प्लान में जरूरी बदलाव को लेकर किरण खेर को ज्ञापन भी सौंपा। यूनियन प्रधान कमलजीत सिंह पंछी के अनुसार यूनियन ने मास्टर प्लान में कम्यूनिटी पार्किंग, घरों का कमर्शियल तौर पर प्रयोग, शहर में नए निर्माण वर्टिकल शेप में करने और अपार्टमेंट एक्ट में संशोधन जैसे कई सुझाव दिए हैं।

जगन्नाथ मंदिर गईं किरण
कोर ग्रुप की बैठक के बाद किरण खेर सेक्टर-31 स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर गईं। वहां से लौटने के बाद बैठक में हुई चर्चा के ड्राफ्ट तैयार करवाकर उसका अध्ययन करती रहीं।
विज्ञापन

लोगों से मिलेंगी किरण खेर...

प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि सांसद किरण खेर शहर के लोगों से मिलेगी। जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनता का हाल जानेंगी। उन्हें कब किससे मिलना है इसका फैसला सोमवार शाम तक कर दिया जाएगा। प्रशासन की एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में पार्टी की ओर से सांसद किरण खेर के अलावा वह स्वयं और पूर्व सांसद सत्यपाल जैन शामिल होंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें