चंडीगढ़ में नेशनल ऑटोक्रॉस मोटर रैली
रोमांच और रफ्तार से भरपूर मोटर स्पोर्ट्स की सबसे बड़ा चैंपियनशिप मारूती सुजुकी इंडियन नेशनल ऑटोक्रास का आयोजन पहली बार होने जा रहा है। नेशनल चैंपियनशिप के अभी तक कोच्ची और बंगलूरू में दो राउंड हो चुके हैं। तीसरा राउंड 26-28 नवंबर को हुड्डा ग्राउंड सेक्टर-5 पंचकूला में किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का आयोजन मोटर स्पोर्ट्स क्लब टीम चंडीगढ़ एडवेंचर स्पोर्ट्स के सहयोग से किया जा रहा है।
चैंपियनशिप में नार्थ और ट्राइसिटी से मोटर स्पोर्ट्स के नामी चेहरे हिस्सा ले रहे हैं। पंचकूला में तीसरे राउंड के बाद यह इवेंट हैदराबाद, गुड़गांव, मुंबई, जयपुर का रुख करेगा। इसके बाद ग्रैंड फिनाले दिल्ली एनसीआर के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में होगा। सोमवार को चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-10 में आयोजित पत्रकार वार्ता में टीम चंडीगढ़ एडवेंचर स्पोर्ट्स के अधिकारियों ने इस इवेंट के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर सिटी ब्यूटीफुल के मोटर स्पोर्ट्स के नंबर बन ड्राइवर्स जगमीत गिल, सम्राट, हरविंदर भोला और कई जाने माने प्रतिभागी शामिल रहे। चंडीगढ़ एडवेंचर स्पोर्ट्स के फाउंडर गुरप्रीत औलख ने बताया कि नेशनल ऑटोक्रास चैंपियनशिप के सभी राउंड खत्म होने के बाद नार्थ और साउथ से तीन तीन बेहरतीन ड्राइवर्स को चुना जाएगा। इसके बाद इन सभी के बीच दिल्ली स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में ग्रैंड फिनाले होगा।
इनमें विभिन्न कैटेगरी के विनर घोषित किए जाएंगे। सेक्टर-5 पंचकूला में नेशनल चैंपियनशिप के तहत तीसरा राउंड 26 से 28 नवंबर तक होगा। इसके वहां पर विशेष तरह का दोहरा ट्रैक बनाया गया है। इसकी विशेषता यह है कि एक ही समय में दोनो गाड़ियां ट्रैक पर भाग सकेंगी। इसके साथ ही ओवर ब्रिज बनाया गया है जिसकी चौड़ाई 40 फिट के करीब है। इसके ऊपर और नीचे से भी गाड़ियां भागती हुई दिखाई देंगी।
तीन तरह के होंगे इवेंट
इवेंट में नेशनल, लोकल और एक्सपीरियेंस तीन तरह की रेस होंगी। इसमें कई प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। नेशनल में देशभर से प्रतिभागी शिरकत कर रहे हैं। लोकल में ट्राइसिटी से प्रतिभागी शामिल होंगे। वहीं एक्सपीरियेंस कैटेगरी में वह ड्राइवर्स होंगे, जो कि इस तरह के इवेंट में पहली बार हिस्सा लेंगे।