भारतीय वायुसेना की ओर से मंगलवार तड़के पाकिस्तान सीमा में एयर स्ट्राइक कर तीन सौ से अधिक आतंकियों को मौत के घाट उतारने के बाद हरियाणा के रेवाड़ी में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने पटाखे चलाने के साथ पाकिस्तान का पुतला जलाकर सेना की कार्रवाई का स्वागत किया है।
पुलवामा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए गांव राजगढ़ निवासी हरि सिंह की वीरांगना राधाबाई ने कहा कि इस कार्रवाई से मन को बड़ी शांति मिली है। परिजनों ने कहा कि देर से ही सही, लेकिन सेना की यह कार्रवाई काबिले तारीफ है। आतंकियों का खात्मा करने के लिए सेना को इसी तरह की मुंहतोड़ जवाब देने वाली कार्रवाई करते रहना चाहिए।
सभी शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि
यह सर्जिकल स्ट्राइक सभी शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। सेना को यह कार्रवाई जारी रखनी चाहिए, ताकि देश से आतंकियों का सफाया हो सके। सरकार को सेना की कार्रवाई में दखल दिए बिना एयर स्ट्राइक को जारी रखना चाहिए। - राधाबाई, शहीद हरि सिंह की वीरांगना
सेना की कार्रवाई से मन को बड़ा सुकून मिला है। मेरा बेटा देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ है। बेटे के जाने का गम तो है, लेकिन सेना की कार्रवाई में तीन सौ से अधिक आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने से बेटे की शहादत को श्रद्धांजलि मिली है। - पिस्ता देवी, शहीद की माता
यह कार्रवाई बहुत पहले करनी चाहिए थी ताकि हमारे जवानों को शहादत नहीं देनी पड़ती। सेना की एयर स्ट्राइक से पूरे गांव में जश्न का माहौल बना हुआ है। - रणजीत, शहीद के चचेरा भाई
देश के लिए अपना पति कुर्बान किया है। सेना को एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाई से पाकिस्तान व आतंकियों का नामोनिशान मिटा देना चाहिए।- रंजना, कारगिल युद्ध में शहीद वेदपाल की वीरांगना
सेना की यह कार्रवाई शहीदों के लिए छोटी श्रद्धांजलि है। सेना को इससे भी बड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार को भी अब सेना के हाथ खोल देने चाहिए, ताकि सेना आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे सके। - गिरवर सिंह, कारगिल युद्ध में शहीद वेदपाल के भाई
गांव का बेटा देश की रक्षा करते शहीद हुआ था। सेना की इस कार्रवाई ने शहीदों का बदला ले लिया है। सेना को समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई को जारी रखना चाहिए। - अमित पंच, गांव राजगढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह फैसला बहुत पहले ले लिया गया होता तो हमारे वीर जवानों की शहादत नहीं होती। खैर देर से ही सही सेना की कार्रवाई काबिले तारीफ है। - आनंदपाल, शहीद हरि सिंह के ससुर