रोहतक के गांव की एक महिला ने यहां गांव न्यौला स्थित एक आश्रम के बाबा पर संतान सुख देने का उपाय करने के बहाने दूध में नशा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जिला महिला थाने में बाबा और आश्रम की एक सेविका के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने शनिवार देर शाम बाबा को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि शादी के पांच साल बीतने पर भी संतान न होने पर पति-पत्नी चिंतित थे। करीब दो साल पहले किसी ने उन्हें बताया कि न्यौला स्थित बाबा सच्चा साहिब आश्रम में रहने वाले बाबा रणबीर दास के आशीर्वाद से संतान सुख मिलता है। वह पति के साथ बाबा के आश्रम में गई और उन्हें अपनी पीड़ा बताई। बाबा के आश्रम में आने-जाने के दौरान ही उनकी मुलाकात एक सेविका से हुई। सेविका ने उससे कहा कि वह तन-मन-धन बाबा को अर्पण कर दे तो मुराद जरूर पूरी होगी।
बाबा ने उसे एक ताबीज भी पहनने को दिया। तीन अप्रैल को रात करीब दस बजे पति-पत्नी फिर बाबा के आश्रम में पहुंचे। अगले दिन जब वे घर लौटने लगे तो सेविका ने उनसे कहा कि आज रात आश्रम में रुकना होगा क्योंकि बाबा रात में भभूत देंगे। यह बात सुनकर वे आश्रम में ही रुक गए। रात को बाबा ने खुद पति-पत्नी को दूध पिलाया और एक-एक पुड़िया दवाई दी।