चंडीगढ़। सेक्टर- 28 में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के पड़ोसी महेश गुप्ता के कोठी की नवीकरण के दौरान ट्रक में लोड मार्बल दो मजदूरों पर गिर गया। इससे एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान मोहाली के मुबारकपुर निवासी करम सिंह (45) और घायल की पहचान नवांशहर निवासी बलविंदर सिंह (42) के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक घायल का बयान दर्ज नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे पुलिस को सूचना मिली की सेक्टर-28 स्थित कोठी नंबर-62 में निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों पर ट्रक में लोड मार्बल गिर गया है। इसके बाद फौरन दोनों मजदूरों को जीएमसीएच- 32 पहुंचाया गया, जहां सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से डॉक्टरों ने करम सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि बलविंदर सिंह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चालक ने ट्रक को बैक कर घर के अंदर की तरफ खड़ा कर दिया। इस दौरान करम और बलविंदर ट्रक में लोड मार्बल को नीचे उतारने लगे, लेकिन अचानक से मार्बल उनके ऊपर गिर पड़ा, जिसके चलते वह दोनों मार्बल के नीचे दब गए। कोठी पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के पड़ोसी महेश गुप्ता की बताई जा रही है, जिनकी डेरा बस्सी में पेपर मिल की फैक्टरी भी है। पुलिस का कहना है कि मृतक व घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।