पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरे जा रहे हैं। एक फरवरी नामांकन भरने का अंतिम दिन है। इससे पहले सोमवार को कई दिग्गजों ने नामाकंन दाखिल किए। सीएम चरणजीत चन्नी ने सोमवार को भदौड़ से नामांकन भरा। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पटियाला शहरी से अपना नामांकन दाखिल किया। वे अपनी बेटी जयइंद्र कौर और मेयर बिट्टू के साथ नामांकन भरने पहुंचे।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल ने सोमवार को लंबी से शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रत्याशी के तौर पर नामजदगी पत्र दाखिल किए। उनके कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर सुखबीर बादल नामांकन भरेंगे। इस दौरान बड़े बादल ने कहा कि वह अनेकों बार इस प्रक्रिया में से गुजरे हैं और उनके लिए यह कोई नई बात नहीं। उन्होंने कहा कि उन का अपने किसी विरोधी के साथ कोई मुकाबला नहीं और वह बड़े मार्जिन के साथ चुनाव जीतेंगे। 94 साल 2 महीने और 23 दिनों की उम्र के बादल छठी बार लंबी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। अब तक 11 बार विधायक रहे बादल 1बार मलोट, पांच बार गिद्दड़बाहा और पांच बार लंबी से विधायक रहे हैं।