फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैप्टन आज लेंगे सीएम पद की शपथ, सिद्धू-मनप्रीत-चन्नी को मिल सकता है बड़ा पद

Thu, 16 Mar 2017 09:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सिद्धू-मनप्रीत-चन्नी को मिल सकता है बड़ा पद - फोटो : File Photo
विज्ञापन
कैप्टन अमरिंदर सिंह आज अपने मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को शामिल कर सकते हैं। नवजोत सिद्धू को भी बड़ा पद देने की तैयारी चल रही है। कैबिनेट में शामिल होने के लिए अभी से लाबिंग शुरू हो गई है।
विज्ञापन


नवजोत सिंह सिद्धू उप मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन इस पर अंतिम मुहर राहुल गांधी की ही लगेगी। विस स्पीकर को लेकर पेंच फंसा है। अगर वेरका स्पीकर बनते हैं तो अमृतसर में तीन मंत्री बनाने की टेंशन भी कैप्टन सरकार को नहीं रहेगी।

बठिंडा से जीते मनप्रीत बादल का वित्तमंत्री बनना तय है। सीएलपी लीडर चरणजीत सिंह चन्नी, डॉ राजकुमार वेरका और अरुणा चौधरी को दलित चेहरों के रूप में कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।
विज्ञापन
Trending Videos

कैबिनेट के लिए इन सभी के नाम पर भी चर्चा

Captain Amarinder Singh - फोटो : अमर उजाला
कैप्टन की कैबिनेट के लिए 6 बार चुनाव जीत चुके पटियाला देहाती के विधायक ब्रह्मा मोहिदर का नाम सबसे आगे आ रहा हैं। राणा गुरजीत सिंह, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, साधु सिंह धर्मसोत, राकेश पांडे, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, ओपी सोनी, राणा केपी, अरुणा चौधरी का नाम भी चल रहा है।

भले ही कैप्टन अमरिदर सिंह ने मंत्री बनने के लिए तीन बार विजेता होने का मानक तय किया है, लेकिन राहुल कोटे से आने वाले मंत्रियों के मामले में इस नियम को लचीला बनाया जाना तय है।

माना जा रहा है कि राहुल कोटे से दूसरी बार चुनाव जीते यूथ कांग्र्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिदर सिंह राजा वड़िंग, संगरूर से विजय इंदर सिंगला और पहली बार चुनाव जीत कर आए अमित विज का मंत्री बनना तय है।

राहुल, मनमोहन समेत कई राष्ट्रीय नेता होंगे शामिल

राहुल गांधी - फोटो : फाइल फोटो
पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान और सीएलपी लीडर कैप्टन अमरिंदर सिंह के ताजपोशी समागम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह समेत कई राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। वीरवार सुबह 10 बजे राज भवन में आयोजित समागम में राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर कैप्टन और उनके मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। कैप्टन नौ मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। हालांकि, इनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड साफ हो गए। मणिपुर और गोवा में ज्यादा सीटें जीतने के बाद भी कांग्रेस सरकार नहीं बना सकी। कैप्टन अमरिंदर ने पंजाब में आम आदमी पार्टी और शिअद-भाजपा गठबंधन को काफी पीछे धकेल कर शानदार बहुमत से सत्ता में वापसी की है। कांग्रेस के लिए इस मौसम में यही एक अच्छी खबर है। इसलिए कैप्टन के ताजपोशी समागम में कांग्रेस परिवार के ज्यादातर बड़े नेता शामिल होंगे। हालांकि, मेहमानों की फेहरिस्त में अखिलेश यादव का भी नाम था, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि उनकी जगह सपा के पंजाब के ही नेता बलवंत सिंह रामूवालिया शामिल होंगे। मेहमानों की लिस्ट में फारुख अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला का भी नाम था, लेकिन उनके आने की उम्मीद कम है।

हिमाचल के सीएम और कैप्टन के समधी वीरभद्र सिंह, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, आशा कुमारी समागम में पहुंच रहे हैं। इनके अलावा पी चिदंबरम, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, अश्वनी कुमार, राजीव शुक्ला, सीपी जोशी, अहमद पटेल, अजय माकन, अंबिका सोनी भी समागम में शामिल होंगे। इनके अलावा मुकुल वासनिक, ऑस्कर फर्नांडीज, राज बब्बर, राजीव सातव, मोहसिना किदवई, रेणुका चौधरी, सचिन पायलट, मिलिंद देवड़ा, मीनाक्षी नटराजन, मल्लिकार्जुन खड़गे, कपिल सिब्बल और अर्चना डालमिया को भी न्योता भेजा गया है। राज भवन में वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है क्योंकि राज्यपाल बदनौर के आने पर हुए समागम के दौरान बारिश से काफी परेशानी हुई थी।
विज्ञापन

लोग परेशान है, ऐसे में जश्न नहीं : कैप्टन

Captain Amarinder Singh - फोटो : अमर उजाला
लोग परेशान है, ऐसे में जश्न नहीं : कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि शिअद-भाजपा के शासन में राज्य की आर्थिकता तबाह हो गई है। उनकी सरकार की प्राथमिकता उसे पटरी पर लाना है, जिसके लिए सरकार कुछ नए आइडियाज पर काम करेगी। खराब आर्थिक स्थिति व अन्य कारणों से लोग परेशान हैं, ऐसे में वह जश्न मनाना नहीं चाहते। इसलिए समागम पूरी तरह सादा रखा गया है। उन्होंने सभी विधायकों से भी अपील की है कि जश्न न मनाएं। एक बार राज्य की आर्थिक स्थिति ठीक हो जाए, फिर जश्न मनाया जाएगा।

राजभवन में लगा वाटरप्रूफ टेंट
परंपरा के तहत राजभवन की ओर से हर मेहमान के स्वागत के लिए अलग-अलग अफसर नियुक्त किया गया है, जो समागम के दौरान मेहमानों का खयाल रखेगा। राजभवन में वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। कैप्टन पहले ही कह चुके हैं कि समागम सादा होगा। इस बार विधायक भी अपने साथ ज्यादा समर्थक नहीं ले जा सकेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें