पंजाब कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह वीरवार सुबह दस बजे राजभवन में होने वाले समागम में पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी की लहर के बीच कैप्टन ने पंजाब में बड़ी जीत दर्ज कर कांग्रेस को तोहफा दिया है। इसलिए उनके शपथ ग्रहण में कांग्रेस और सहयोगी पार्टियों के तमाम राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। इनमें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल हैं।
सपा सुप्रीमो और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के भी समागम में शामिल होने की उम्मीद है। अगर वह किन्हीं कारणों से नहीं पहुंच पाते हैं तो उनकी जगह पंजाब से सपा के नेता बलवंत सिंह रामूवालिया कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। हिमाचल प्रदेश के सीएम और कैप्टन के संबंधी वीरभद्र सिंह भी समागम में शामिल होंगे। जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला भी समागम में शामिल होंगे। हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर हुड्डा भी समागम में शामिल होंगे।
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में पी चिदंबरम, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, सीपी जोशी, अहमद पटेल, अजय माकन, अंबिका सोनी, आनंद शर्मा कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। इनके अलावा मुकुल वासनिक, ऑस्कर फर्नांडीस, राज बब्बर, राजीव सातव, मोहसिना किदवई, रेणुका चौधरी, सचिन पायलट, मिलिंद देवड़ा, मीनाक्षी नटराजन, मल्लिकार्जुन खड़गे, वीरप्पा मोइली, कपिल सिब्बल और अर्चना डालमिया भी कैप्टन अमरिंदर के शपथ ग्रहण समागम के मेहमान हैं।