लोकसभा चुनाव का प्रचार शुरू होने के साथ आचार संहिता उल्लंघन की खूब शिकायतें आ रही हैं। आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत लोग घर बैठे सी विजिल एप के माध्यम से कर सकते हैं। हरियाणा में अब तक 1395 शिकायतें आ चुकी हैं। इनमें से 1145 शिकायत सही पाई गई हैं और उन पर संबंधित चुनाव अधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई भी की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने दावा किया कि सभी शिकायतों का निपटारा 100 मिनट के भीतर किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने मोबाइल पर सी विजिल एप डाउनलोड करें और आचार सहिंता उल्लंघन की शिकायतें दर्ज करवाएं।
सी विजिल एप के माध्यम से चुनाव प्रचार के दौरान हथियारों के प्रदर्शन की कुल 19 शिकायतें आईं, जिनमं से 17 सही पाई गईं। गिफ्ट कूपन बांटने की 58 की शिकायें मिली, जिनमें से 40 सही पाई गई हैं। वही, शराब बांटने की छह शिकायतें आई, जिनमें से सिर्फ दो सही पाई गई हैं। पोस्टर, बैनर व होर्डिंग की कुल 1092 शिकायतें आई थीं, जिनमें से 997 शिकायतें सही मिली हैं। वहीं, 89 शिकायतें सही नहीं मिली हैं। इसके अलावा चुनाव प्रचार के लिए बिना परमिशन के वाहनों की 36 शिकायतें मिली, जिनमें से 23 शिकायतें सही मिली हैं।
प्रचार के दौरान धार्मिंक संदेश व भाषण देने की आठ शिकायतें मिली थी, जिन्हें जांच के बाद निरस्त कर दिया गया। आठ शिकायतें सही नहीं मिली थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हथियार दिखाने के मामले में सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, पैसे बांटने व शराब बांटने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
ऐसे दर्ज करवा सकते हैं शिकायतें, पहचान नहीं होगी उजागर
मतदाताओं को अपने मोबाइल पर सी विजिल एप डालनलोड करना होगा। उसके बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए यूजर को एप पर रजिस्टर करना होगा। यूजर मोबाइल नंबर, राज्य, जिला, विधानसभा और निवास का पता दर्ज करके अकाउंट बना सकते हैं। उसके बाद शिकायत करने के लिए यूजर को एप का इस्तेमाल करते हुए फोटो या दो मिनट का वीडियो अपलोड करना होगा। इसके बाद शिकायत चुनाव आयोग के पास पहुंचेगी और 100 मिनट के भीतर चुनाव आयोग उस पर कार्रवाई करेगा। इसमें शिकायत करने वाली की पहचान उजागर नहीं की जाएगी।
शिकायत अपलोड करते ही लोकेशन भी पहुंच जाएगी
सी विजिल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने के बाद शिकायतकर्ता की लोकेशन ऑटोमैटिक चुनाव आयोग के पास पहुंच जाएगी। शिकायत मिलते ही आयोग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी और शिकायत की जांच शुरू कर देगी। ऐसे में कोई भी शख्स इस एप के माध्यम से फर्जी फोटो या वीडियो नहीं भेज सकता।
किस तरह की कितनी शिकायतें मिली
शिकायत कुल शिकायतें सही मिली
हथियारों का दिखावा 19 17
गिफ्ट कूपन बांटना 58 40
शराब बांटने की शिकायत 6 2
पैसे बांटने की शिकायत 12 2
पोस्टर व होर्डिंग लगाने 1092 997
धार्मिंक संदेश व भाषण 8 8
स्पीकर बजाना 11 1
बिना स्वीकृति के वाहन लगाना 36 23
किस जिले में कितनी शिकायत
जिला कुल शिकायत सही
अंबाला 270 253
भिवानी 47 32
सिरसा 334 308
सोनीपत 104 100
यमुनानगर 48 36
गुरुग्राम 85 60
हिसार 78 54
पंचकूला 83 63
रोहतक 41 30