चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित बापूधाम में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व ग्रेवाल आई इंस्टीट्यूट की ओर से रविवार को आंखों का निशुल्क शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री व पंजाब से सांसद मनीष तिवारी ने किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें मकानों के मालिकाना हक को लेकर आ रही समस्या के बारे में बताया। सांसद ने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को वह लोकसभा में उठाएंगे।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने सांसद से कहा कि वह शहर में कई साल से रह रहे हैं। आज तक उन्हें मालिकाना हक नहीं मिल पाया है। सांसद ने कहा कि यह एक बुनियादी और जरूरी चीज है, जो अब तक हो जानी चाहिए थी। इस मौके पर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण कुमार ने बताया कि वह हर साल आंखों का मुफ्त इलाज कैंप का आयोजन करते हैं। इसमें लोगों को आंखों की जांच, मोतियाबिंद का निशुल्क इलाज, दवाइयां, आंखों में निशुल्क लेंस डालने की व्यवस्था की गई थी। इसमें लगभग 300 लोगों ने शिविर का लाभ लिया। इस मौके पर हर्ष बहल, समाजसेवी शशि शंकर तिवारी, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रामेश्वर गिरि, मनोज कुमार, पूर्व पार्षद नरेश कुमार, माशाराम, जितेंद्र भंवरा, आशु वैध, मोहम्मद यूनुस, सुनील नायर कई लोग मौजूद रहे।