टॉयलेट की वजह से हो रही दुकानदारों को समस्या
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। सेक्टर-26 की मंडी में प्रशासक के चार दौरों के बावजूद शौचालयों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। श्री लक्ष्मी नारायण मार्केट के करीब 150 दुकानदार और आसपास के आढ़ती खुले में शौच की वजह से फैल रही बदबू से परेशान हैं। मार्केट के पास खराब पड़े ढांचे के आसपास लोग खुले में शौच करते हैं। दुकानदारों के अनुसार, नगर निगम, चंडीगढ़ प्रशासन और पीएमओ तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या बरकरार है। दुकानदारों ने यहां सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग की है।
मार्केट के संतोष कुमार ने कहा कि शौचालय की समस्या कई बार अधिकारियों के सामने उठाई गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बाबू ने कहा कि दिनभर बदबू से दुकानदारों को परेशानी होती है। सुच्चा सिंह ने जल्द शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की। वहीं, मार्केट कमेटी के अधिकारी ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
राज्यपाल ने कहा था...मंडी में बनाए चार शौचालय
मंडी में की गई विजिट के बाद पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने स्पष्ट किया था कि मंडी में आढ़तियों और यहां आने वाले लोगों की सुविधा के लिए कम से कम चार शौचालय का निर्माण करवाया जाना चाहिए। उन्होंने शौचालय की खराब व्यवस्था देखकर यह बात कही थी।