आखिरकार, रेजिडेंट्स और दुकानदारों के जबरदस्त विरोध के बाद जिला प्रशासन ने सेक्टर-15 और 16 की अपनी मंडी को सेक्टर-20 में शिफ्ट करने के फैसले को वापस ले लिया। अब पहले की तरह ही सेक्टर-15 में शनिवार और सेक्टर-16 में मंगलवार को अपनी मंडी लगती रहेगी।
पिछले सप्ताह से दोनों मंडियां नहीं लगने की वजह से हजारों लोग परेशान थे और ‘अमर उजाला’ ने ‘मंडी शिफ्ट, टेंशन बढ़ी’ के नाम से अभियान चलाकर प्रशासन को लोगों की समस्याओं से अवगत कराया था। इन खबरों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने जनहित में दोबारा ये मंडियां लगवाने का फैसला लिया।
हालांकि, प्रशासन की ओर से जारी नए आदेश के तहत अब इन मंडियों में सब्जियों और फलों की ही बिक्री होगी। बाकी सामान की बिक्री की इजाजत नहीं होगी।
प्रशासन के इस फैसले से सब्जी व फल विक्रेता तो खुश हैं ही, हजारों लोगों ने भी राहत की सांस ली है। सब्जी विक्रेताओं का समर्थन कर रहे पूर्व पार्षद हरिंद्र सिंह सैनी ने भी प्रशासन के फैसले का स्वागत किया है।
सफाई में सहयोग देने को दुकानदार भी तैयार
वीरवार को करीब 250 सब्जी विक्रेता आम आदमी पार्टी के नेता हरिंद्र सिंह सैनी एवं मंडी प्रधान गोवर्धन की अगुवाई में सेक्टर पांच में लगने वाली सब्जी मंडी से पैदल चलते हुए जिला सचिवालय पहुंचे।
एसडीएम गुरमीत सिंह से बातचीत के बाद सेक्टर-15, 16 में दोबारा मंडी लगाने के आदेश मिले। इसके बाद सैनी और मंडी प्रधान गोवर्धन ने एसडीएम व उपायुक्त को भरोसा दिलाया कि सभी दुकानदार मंडियों की साफ-सफाई में अपना पूरा सहयोग देंगे।
मार्केट कमेटी के सचिव जेके बंसल ने बताया कि दुकानदारों को मंडी लगाने की इजाजत मिलने के बाद औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।