चंडीगढ़। ट्रिब्यून बिल्डिंग के दूसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर एक कर्मचारी घायल हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सेक्टर-45 निवासी नरेश पोपली (45) के रूप में हुई है। इंडस्ट्रियल थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि ट्रिब्यून बिल्डिंग से एक व्यक्ति दूसरे मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया। मौके पर पहुंची पुलिस व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया कि नरेश पोपली इसी बिल्डिंग में बतौर क्लर्क तैनात थे। पुलिस जांच में जुटी हुई है कि नरेश बिल्डिंग से नीचे कैसे आ धमके। वहीं, पुलिस बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि पता चल सके कि हादसा किस वजह से हुआ है।