पंजाब के मालेरकोटला में पवित्र ग्रंथ की बेअदबी मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया। मालेरकोटला में धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी के आरोप में पंजाब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर महरौली से आप विधायक नरेश यादव को उनके दिल्ली स्थित आवास से रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पटियाला जोन के आईजी परमराज सिंह उमरानंगल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विधायक को सोमवार को मालेरकोटला की अदालत में पेश किया जाएगा।
मालेरकोटला के ड्यूटी मजिस्ट्रेट विक्रमजीत सिंह ने शनिवार को विधायक यादव की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। वारंट जारी होने के बाद पंजाब पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो गई थी। डीएसपी रणधीर सिंह ने दावा किया कि पुलिस के पास आप विधायक के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं।
कुछ दिन पहले बेअदबी मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी विजय कुमार के संगरूर जिला अदालत में बयान कलमबद्ध हुए थे। इन्हें सीलबंद लिफाफे में मालेरकोटला कोर्ट भेजा गया था। ऐसा माना जा रहा है कि इन बयानों में मुख्य आरोपी द्वारा आप विधायक नरेश यादव की कुरान बेअदबी मामले में संलिप्तता का खुलासा किया गया है। इसके बाद ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उधर इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों की रविवार को वीडियो कांफ्रेेंसिंंग से पेशी हुई। इसके बाद सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि एक अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
मुख्य आरोपी की नौकरानी ने मांगी जमानत
मामले में मुख्य आरोपी विजय कुमार की दिल्ली स्थित कोठी में काम करने वाली नौकरानी कल्पना बानो ने जिला न्यायालय में आवेदन देकर जमानत मांगी है। साथ ही आरोपी गौरव के पिता नंद किशोर ने भी नियमित जमानत की अर्जी दाखिल की है। इन दोनों अभियुक्तों की ओर से एडवोकेट राजकुमार गोयल पेश होंगे।