दिल्ली से मानसा के रास्ते गुवाहाटी जा रही अवध-असम एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक टूटने के कारण हादसे का शिकार होने से बच गई। ट्रैक टूटने का पता चलते ही ड्राइवर ने सावधानी से गाड़ी को रोका। इसके बाद ट्रैक की मरम्मत हुई और गाड़ी को रवाना किया गया।
नरिंद्रपुरा स्टेशन के नजदीक करीब एक फुट टुकड़ा ट्रैक का टूटा मिला। इस मामले की रेलवे अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। इस दौरान अवध असम एक्सप्रेक्स करीब साढ़े चार घंटे रुकी रही और रात करीब साढ़े 12 बजे रवाना हुई।
जानकारी के अनुसार मानसा के रास्ते लालगढ़ (राजस्थान) जा रही अवध-असम एक्सप्रेस बुधवार को शाम करीब आठ बजे जब मानसा के नजदीक रेलवे स्टेशन नरिंद्रपुरा पहुंची तो ड्राइवर को रेलवे ट्रैक पर किसी जानवर के मरे पड़े होने की सूचना मिली। उसने गाड़ी की रफ्तार धीरे की तो टूटी हुई रेलवे लाइन से गाड़ी का इंजन और दो डिब्बे आगे निकल गए। इस दौरान ड्राइवर ने सावधानी बरतते हुए गाड़ी को वहीं रोक दिया और तुरंत सूचना रेलवे अधिकारी मानसा, रेलवे पुलिस बठिंडा व मानसा पुलिस को दी गई।
मौके पर बठिंडा रेलवे थाने के प्रभारी जसविंद्र सिंह, चौकी प्रभारी जगजीत सिंह पुलिस पार्टी समेत वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि रेलवे लाइन का करीब एक फुट टुकड़ा टूटा हुआ है। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन को रात को ही ठीक करके गाड़ी को करीब साढ़े 12 बजे रवाना कर दिया गया। रेलवे विभाग के टेक्निकल अधिकारी वरिंद्र कुमार ने बताया कि अवध-असम एक्सप्रेक्स को नरिंद्रपुरा स्टेशन के नजदीक डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर रेलवे लाइन टूटी होने कारण रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।