पंजाब में पुलिस अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दिनों में नौ स्थानों पर छापा मार कर 12 लाख मिली अवैध शराब बरामद की। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि अमृतसर (ग्रामीण) पुलिस ने विशेष मुहिम चलाई। सब-डिवीजन मजीठा, अजनाला और अटारी में कार्रवाई कर 12,30,800 मिली लीटर शराब जब्त की गई है।
गुप्ता ने बताया कि गांव चाटीविंड लैहल, पुलिस थाना कत्थूनंगल स्थित अवैध शराब केंद्र में शनिवार को एएसपी मजीठा और एसएचओ पुलिस थाना कत्थूनंगल की टीम ने छापा मारा। यहां 1,61,460 मिलीलीटर शराब बरामद हुई। बलवंत सिंह पुत्र जगीर सिंह निवासी गांव चाटीविंड लैहल और रजिंदर कुमार निवासी गांव जैंतीपुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
वहीं इसी गांव में एक स्थान पर भी छापेमारी की गई। यहां से 20,250 मिलीलीटर शराब बरामद की। गुरशरन सिंह पुत्र कुलदीप सिंह, चाटीविंड लैहल और जैंतीपुर के रजिंदर कुमार पर केस दर्ज किया गया। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने छापा मारकर थाना कत्थूनंगल के गांव भीलोवाल में एक और स्थान पर से 39,750 मिलीलीटर शराब बरामद की है।
इस मामले में बटाला के वडाला बाँगड़ के मोती राम पुत्र पाखर राम निवासी दशमेश नगर, थाना तरसिक्का और सतीश कुमार पुत्र ओम प्रकाश पर केस दर्ज किया गया। एसएचओ थाना कांबो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारकर सोहियां खुर्द में छापा मारकर 8,250 मिलीलीटर शराब बरामद की है। गुरमेज सिंह पुत्र बुद्ध सिंह, सोहियां खुर्द पर केस दर्ज कर लिया गया।