फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ीः मनेठी में एम्स के लिए 16 हजार लोगों ने दी गिरफ्तारी, 15 अगस्त तक शिलान्यास का अल्टीमेटम

Mon, 05 Aug 2019 10:03 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खोल(रेवाड़ी)
विज्ञापन
मनेठी में एम्स के लिए दी गिरफ्तारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा में रेवाड़ी जिले के मनेठी में एम्स के निर्माण का मामला गहराता जा रहा है। रविवार को जेल भरो आंदोलन के तहत करीब 16,697 लोगों ने गिरफ्तार दी। मनेठी में ही एम्स निर्माण की मांग को रविवार को लेकर हुई महापंचायत में प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया गया। मांग को पूरा न करने के विरोध में जेल भरो आंदोलन के तहत 16,697 लोगों ने दोपहर डेढ़ बजे कुंड पुलिस चौकी पर गिरफ्तारी दी।

विज्ञापन


पुलिस ने गिरफ्तारी देने वालों को मुचलका पाबंद कर चौकी से ही रिहा कर दिया। आंदोलन में रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखीदादरी व अलवर के ग्रामीण शामिल रहे। कुंड में आयोजित महापंचायत में संघर्ष समिति ने शिलान्यास के लिए सरकार को 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। एक सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। मनेठी में बनने वाले एम्स को एफएसी की नामंजूरी के बाद क्षेत्रीय ग्रामीणों में रोष है।

इसी के मद्देनजर रविवार को हुई महापंचायत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अब एम्स क्षेत्र के लोगों के सम्मान के साथ जुड़ गया है। एम्स की स्वीकृति के बाद नाटकीय ढंग से नामंजूर करना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने लोगों को गुमराह करते हुए लोकसभा चुनावों में इसका लाभ उठाया, लेकिन क्षेत्र की जनता अब नेताओं की बातों में नहीं आएगी। विधानसभा चुनावों में इसका सबक जरूर सिखाया जाएगा।

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि एम्स के निर्माण में लगाई गई आपत्ति बेतुकी है। जिस भूमि को वन आरक्षित बताया जा रहा है वह न केवल ग्राम पंचायत की है बल्कि उस पर मालिकाना हक भी ग्राम पंचायत का ही है। इसके अलावा यह स्थान एनएच आठ पर नहीं है, बल्कि एनएच 11 पर स्थित है। एफएसी को गुमराह किया गया है। संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन को लगभग सभी कागजात सौंप दिए है।

महापंचायत में भाजपा को छोड़ सभी दलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। महापंचायत में लोगों में इस बात को लेकर रोष था कि केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह एफएसी की रिपोर्ट के बाद एक बार भी लोगों के बीच नहीं आए हैं। जबकि वे अन्य स्थानों पर मनेठी में नहीं तो जिले में एम्स बनाए जाने की बात करते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि उन्हें लोगों के बीच आकर जवाब देना चाहिए या फिर आंदोलन में ग्रामीणों के साथ आना चाहिए। लोकसभा चुनावों के समय लोगों को गुमराह कर वोट लिए थे, लेकिन अब विधानसभा चुनावों में राव को सबक सिखाएंगे।
विज्ञापन

महापंचायत में लिए गए निर्णय

15 अगस्त तक शिलान्यास नहीं किया गया तो एक सितंबर को राव तुलजाराम पार्क में महापंचायत के बाद शहर में प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। 16 अगस्त के बाद संषर्घ समिति का प्रतिनिधि मंडल पीसीसीएफ, एसीएएस, केंद्रीय वन मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश के वनमंत्री सहित अन्य से मुलाकात करेगा। 16 अगस्त से समिति सदस्य पदयात्रा के माध्यम से गांवों में जनसंपर्क करेंगे। गांवों में जाकर जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी देंगे तथा चुनावों में सबक सिखाने का आह्वान करेंगे

भाजपा ने झूठ बोलकर लोकसभा चुनावों में वोट हथियाएं : तंवर
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर प्रदेश के लोगों को गुमराह कर लोकसभा चुनावों में वोट बटोरे है, जिसका ताजा उदाहरण मनेठी में बनने वाला एम्स है। स्वयं प्रधानमंत्री द्वारा इसकी घोषणा की गई थी, लेकिन अब एम्स के निर्माण को बेवजह रोका जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र के लोगों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।  

गिरफ्तारी के समय पुलिस के छूटे पसीने
महापंचायत के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल भरो आंदोलन के तहत ग्रामीणों ने गिरफ्तारी दी। ग्रामीण पंचायत स्थल से कुंड पुलिस चौकी तक पैदल ही गए। इस दौरान यातायात व्यवस्था लड़खड़ा गई। लोगों की भीड़ को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ-साथ समिति के सदस्य भी लोगों को समझाते दिखाई दिए। यूं तो गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से बसों की भी व्यवस्था की गई थी।

ये रहे मौजूद
पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, पूर्व मंत्री शकुंतला भगवाड़िया, पूर्व विधायक नरेश यादव, इनेलो  के जिला अध्यक्ष डॉ. राजपाल यादव,  कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही, एडवोकेट राजेंद्र कामरेड, इनेलो नेता संपत सिंह डहीनवाल, महाबीर चौपड़ा खिजूरी, एम्स संघर्ष समिति के प्रधान सरपंच श्योताज यादव, महासचिव ओमप्रकाश सैन मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें