चंडीगढ़। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट के मुकाबले में मध्य प्रदेश ने चंडीगढ़ को सात विकेट से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। यह मैच कोलकाता के जेयू सेकेंड कैंपस, साल्ट लेक में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरे मध्य प्रदेश ने चंडीगढ़ को 20 ओवर में 134/8 पर रोक दिया। चंडीगढ़ की शुरुआत खराब रही और टीम ने शुरुआती चार ओवरों में तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद ओपनर मनन वोहरा ने 43 गेंदों में 52 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर पारी को संभाला। यह मनन की इस टूर्नामेंट में चौथी अर्धशतकीय पारी रही।
अंत में सन्यम सैनी ने 19 गेंदों में तेज तर्रार 33 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। मोहम्मद अर्शद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 9 रन देकर 6 विकेट चटकाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश ने 14 ओवर में 135/3 बनाकर जीत हासिल की। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ हर्ष गवली ने 40 गेंदों में नाबाद 74 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि हरप्रीत सिंह भाटिया ने 30 गेंदों में 48 रन बनाकर अहम सहयोग दिया।