चंडीगढ़। माधव-ऋषि की जोड़ी ने लड़कों और सुहानी-रोमा की जोड़ी ने लड़कियों के वर्ग में नेशनल रैंकिंग टेनिस चैंपियनशिप में डब्ल्स मुकाबलों को जीतकर विजेता ट्रॉफियां हासिल की। वहीं सिंगल्स के सेमीफाइनल मुकाबलों में आर्यन ठाकुर, सार्थक गांधी, दिव्या, रोमा ने जीत दर्ज करके फाइनल में प्रवेश किया। वीरवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले जीरकपुर के रूट्स टेनिस अकादमी में खेले गए।
अंडर-18 के सिंगल्स मुकाबलों में सार्थक गांधी ने देबासीस साहो को 6-2, 7-6 से हराया। अन्य मुकाबले में आर्यन ठाकुर ने समरबीर सिंह को 6-4, 6-4 से मात दी। लड़कियों के अंडर-18 में दिव्या भाटिया ने रिया कौशिक को 6-2, 6-3 से हराया। अन्य मुकाबले में रोमा ने हरनूर को 6-4, 6-3 से मात दी। डबल्स के लड़कों के अंडर-18 के फाइनल मैच में ऋषि और माधव की जोड़ी ने आर्यन अरोड़ा और समरबीर सिंह की जोड़ी को 6-4, 7-6 से मात दी। लड़कियों के इसी आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में सुहानी और रोमा की जोड़ी ने दिव्या भाटिया और रूबानी सिद्धू की जोड़ी को 7-5, 6-4 से मात दी।