हरियाणा सीएम को ज्ञापन सौंपने जा रहे आप कार्यकर्ताओं को सेक्टर-17 पुलिस ने रोज गार्डन से हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ता सीएम से जनता के 10 सवाल पूछना चाहते थे। आप के प्रदर्शन को देखते हुए सीएम हाउस के बाहर भी भारी पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ही शहर में अलग-अलग जगह नाकेबंदी भी की गई थी।
]
किसी को भी सीएम हाउस नहीं पहुंचने दिया गया। रोज गार्डन में करीब 150 आप कार्यकर्ता ही पहुंचने में कामयाब हुए जबकि अधिकतर कार्यकर्ताओं को शहर की सीमाओं पर ही रोक लिया गया। रोज गार्डन के प्रवेश द्वार पर हिरासत से पहले कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ जमकर धक्का-मुक्की हुई। हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें शहर के बार छोड़ दिया।
रोज गार्डन से आप कार्यकर्ता हिरासत में
पुलिस घेराबंदी कर रोज गार्डन से आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। यहां से पुलिस कार्यकर्ताओं को तीन बसों में भरकर शहर से बाहर छोड़ आई। कई कार्यकर्ताओं को पुलिस शहर के अलग-अलग थानों में भी ले गई, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई डीएसपी आशीष कपूर के नेतृत्व में हुई।
सुबह से ही कार्यकर्ता रोज गार्डन पहुंचने लग गए थे। यहां पर मौजूद कार्यकर्ताओं में चंडीगढ़ के निवासी भी शामिल थे। दोपहर करीब दो बजे डीएसपी आशीष कपूर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पांच लोगों का प्रतिनिधि मंडल बना लें, उन्हें हरियाणा के सीएम से मिलवा दिया जाएगा। साथ ही बताया कि यहां धारा-144 लगी है ऐसे में सभी एक साथ हरियाणा सीएम के पास नहीं जा सकते। इस पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह तीन-तीन के समूह में हरियाणा सीएम हाउस जाएंगे।
पुलिस और कार्यकर्ताओं में बहस
इसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं में बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस ने सभी को बसों से शहर के बाद छुड़वा दिया। आप नेता नवीन जयहिंद ने कहा कि वे चार-चार लोगों के ग्रुप बनाकर लोगों से सवालों का मांग पत्र लेकर सीएम हाउस जा रहे थे। पुलिस ने धारा-144 लगाई हुई थी। लेकिन, चार लोगों के जाने से धारा 144 कैसे टूटी? नवीन ने बताया कि पुलिस ने उनके लोगों को सेक्टर 26, 31, 33 और 36 थाने में बंद कर दिया। नवीन जयहिंद को पुलिस ने सेक्टर-26 स्थित थाने में रखा था।
दिल्ली में जाकर लेंगे सीएम से जवाब: नवीन जयहिंद
नवीन जयहिंद ने कहा कि हम मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पीछा ऐसे नहीं छोड़ेंगे। सबसे पहले रोहतक में उनसे जनता की ओर से पूछे गए 10 सवालों के जवाब मांगे थे, लेकिन उनका जवाब नहीं आया। अब चंडीगढ़ में आकर उन सवालों के जवाब मांगे जा रहे हैं. लेकिन यहां भी सीएम की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। जल्द ही सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिल्ली स्थित निवास पर घेरा जाएगा और उनसे जवाब मांगे जाएंगे। नवीन ने कहा कि ये सवाल उनके या उनकी पार्टी के नहीं हैं, ये जनता के सवाल है।
यह थे जनता के 10 सवाल
1 क्या हरियाणा में सरकारी नौकरियां नहीं बिकती हैं? चपरासी से लेकर एचसीएस तक सभी के रेट फिक्स हैं।
2 मंत्रियों, विधायकों के घर भी इसी तरह बिजली की कटौती हो रही है, जिस तरह आम जनता को परेशान किया जा रहा है।
3 सरकारी स्कूलों में कितने मंत्रियों, नेताओं, अफसरों के बच्चे पढ़ते हैं। बहुत ढोल पीटा जा रहा है कि हरियाणा नंबर वन का।
4. सरकारी स्कूलों में कितने मंत्री, नेता, अफसर अपना इलाज करवाते हैं या वहां सिर्फ आम जनता को मरने के लिए छोड़ दिया गया है।
5. किसानों से स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने के लिए कहा गया था। कहां गया यह वादा?
6. अपना भत्ता और वेतन बढ़ाने में 15 मिनट लगते हैं। हरियाणा के कर्मचारियों के लिए पंजाब की तर्ज पर वेतनमान कब लागू होगा?
7. टोल के नाम पर हफ्ता वसूली क्यों ?
8. अपराध और बलात्कार रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए।
9. प्रदेश में सबसे ज्यादा अपराध शराब की वजह से हो रहे हैं। इस पर नकेल कसने के लिए क्या किया गया।
10. सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए।