चंडीगढ़ से बस द्वारा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने वाली हैं। दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक यूटी प्रशासन यहां से ऋषिकेश, जयपुर, दिल्ली और आगरा के लिए सीधी लग्जरी बस सेवा शुरू कर देगा। इसके लिए प्रशासन टाटा मोटर्स से कुल 80 लग्जरी बसें खरीदेगा। इसके लिए प्रशासक ने अनुमति दे दी है। पहले चरण में दिसंबर माह से 40 बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि इससे पहले अगस्त 2018 के अंत तक अंतरराज्यीय बसों को चलाने का निर्णय लिया गया था लेकिन बसों का डिजाइन फाइनल नहीं होने के चलते इनके संचालन में देरी हो गई। अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू होने से जहां राजस्व की वृद्धि होगी, वहीं आम यात्रियों का सफर और ज्यादा आसान हो जाएगा।
बता दें कि चंडीगढ़ प्रशासन ने बीते अगस्त माह से ही अपनी बस सेवा के विस्तार की कवायद में जुटा है। इसके लिए बसों की खरीद प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यहां से उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को बस सेवा से जोड़ने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है लेकिन बसों का डिजाइन ठीक नहीं होने के चलते इसमें विलंब हुआ है। अब जो कमियां हैं, उन्हें टेंडर कंपनी ने पूरा कर लिया है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक लग्जरी बसों को सड़कों पर उतार दिया जाएगा। उनका कहना है कि यात्रियों की यात्रियों की मांग को देखते हुए दिल्ली के साथ ताज नगरी आगरा, पिंक सिटी जयपुर और देवभूमि ऋषिकेश तक लग्जरी बस सेवा चलाने का निर्णय लिया गया है।
इस बार नहीं फंसेगा पेच
प्रशासन ने टाटा मोटर्स से 80 नई लग्जरी बसें खरीदने का सौदा तय किया है। पहले चरण में 40 बसें आएंगी। यह बसें दिसंबर के मध्य तक यूटी परिवहन निगम को मिल जाएंगी। इसके लिए प्रशासन ने दो बार डिजाइन को फाइनल करने के लिए टीम को भेजा था, उक्त टीम ने डिजाइन फाइनल कर दिया है। बताया जा रहा कि इस बार बसों की खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
एक रूट पर चलेंगी पांच बसें
चंडीगढ़ से आगरा, जयपुर, दिल्ली और ऋषिकेश के लिए यहां से ज्यादातर बसें शाम के समय ही रवाना होंगी। इसके अलावा यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या घटाई और बढ़ाई भी जाएगी। हालांकि किस शहर के लिए कितनी संख्या में बसे चलेंगी, इसका फैसला अभी नहीं हो पाया है। फिलहाल एक रूट पर तीन से पांच लग्जरी बसें चलाने की बात कही जा रही है।
इन रूटों पर बढ़ेगी बसों की संख्या
आईएसबीटी सेक्टर-17 से इन सभी बसों के संचालन की बात कही जा रही है। जयपुर, आगरा और ऋषिकेश के अलावा दिल्ली, पानीपत, नोएडा सहित कई मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसकी भी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी रूटों पर लग्जरी बसों का संचालन एक साथ शुरू किया जाएगा।
बसों में होंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
दिसंबर से चलने वाली वातानुकूलित बसों का रेट करीब 67 लाख है। प्रत्येक बस में 47 सीटें होंगी। इसके अलावा सामान रखने की उचित व्यवस्था के साथ ही इसमें एसी और हीटिंग की भी सुविधा होगी। साथ ही फ्रंट डेस्टिनेशन बोर्ड एलईडी होगा। बसों में यात्रियों के मनोरंजन के लिए एलसीडी टीवी की भी व्यवस्था होगी।
दिसंबर के आखिरी तक जयपुर, ऋषिकेश, दिल्ली और आगरा तक लग्जरी बस का संचालन शुरू हो जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- अमित तलवार, डायरेक्टर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट