जून महीने में चंद्र और सूर्य ग्रहण लगने जा रहे हैं। चंद्र ग्रहण शुक्रवार को है। चंद्र ग्रहण का प्रभाव नहीं होगा। क्योंकि चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा, इसलिए चंद्र ग्रहण में सूतक का भी महत्व नहीं रहेगा। यह कहना है श्री देवालय पूजक परिषद चंडीगढ़ के कोषाध्यक्ष और सेक्टर 18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी डॉ. लाल बहादुर दुबे और सेक्टर 30 के शिव शक्ति मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित श्याम सुंदर शास्त्री का।
डॉ. लाल बहादुर दुबे ने बताया कि चंद्र ग्रहण पांच जून शुक्रवार को है। वहीं, सूर्य ग्रहण 21 जून को है। डॉ. लाल बहादुर दुबे ने बताया कि 21 जून के सूर्य ग्रहण को लेकर मंदिरों के कपाट 20 जून की रात में ही बंद हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि आषाढ़ कृष्ण अमावस्या को सूर्य ग्रहण लगेगा। चंडीगढ़ में सुबह 10.22 बजे सूर्य ग्रहण प्रारंभ होगा। मध्याह्न दोपहर 12.02 बजे होगा, जबकि सूर्य ग्रहण की समाप्ति दोपहर 1.47 बजे होगी।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में मिले 327 पॉजिटिव, करनाल में एक की मौत, अकेले गुरुग्राम में 200 से अधिक मामले
पंडित श्याम सुंदर शास्त्री ने बताया कि सूर्य ग्रहण का सूतक 20 जून की रात 10 बजे से ही शुरू हो जाएगा। मंदिरों के कपाट बंद हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह सूर्य ग्रहण मिथुन राशि और मृगशिरा नक्षत्र में प्रारंभ होकर आद्रा नक्षत्र में समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में सूर्य एवं चंद्र ग्रहण की विशेष महत्ता है। ग्रहण को लेकर कई कथाएं प्रचलित हैं। सूतक एवं ग्रहण काल में देवताओं के दर्शन वर्जित रहते हैं। इस अवधि में लोगों को कई नियमों का पालन करना पड़ता है।
सूर्य ग्रहण में राशियों का प्रभाव
- राशि प्रभाव
- मेष - धन लाभ
- वृष- हानि
- मिथुन- घात
- कर्क- हानि
- सिंह- लाभ
- कन्या- सुख
- तुला- अपमान
- वृश्चिक- महाकष्ट
- धनु - पति/पत्नी कष्ट
- मकर- सुख
- कुंभ- चिंता
- मीन - कष्ट