मनीमाजरा। मौली जागर गांव के ग्रामीणों ने लॉकडाउन के दौरान गांव में प्रॉपर्टी टैक्स लेने के खिलाफ वीरवार को प्रदर्शन कर हल्ला बोला। पूर्व जिला परिषद मेंबर हरभजन सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए गांव के मेन चौराहे पर प्रदर्शन किया। इसमें युवा नेता बालकर सिंह विक्टर व सुनील यादव भी शामिल हुए।
इस मौके पर पूर्व जिला परिषद् मेंबर हरभजन सिंह ने बताया कि छोटे दुकानदारों के पास लॉकडाउन के कारण अभी कोई ग्राहक नहीं है और ऊपर से संपत्ति कर का बोझ लोगों के ऊपर डालना गलत है उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अभी तक गांव में कोई काम नहीं किया और न ही गांव में अभी कोई काउंसलर है।
गांववासियों की मांग है की ये संपत्ति कर अगले इलेक्शन तक माफ कर दिए जाएं और उन्होंने लोगों से अपील की कि वे टैक्स न जमा कराएं। ग्रामीण टैक्स वापसी तक प्रशासन के खिलाफ आंदोलन जारी रखेंगे। इस मौके पर पूर्व पंच बलबीर सिंह, पूर्व पंच जसपाल सिंह, राम दास, रतन सिंह, नितिन सैनी, संजय नागपाल, योगी, जरनैल, संजीव कुमार, चंचल, रोशन, सुचा सिंह मौजूद रहे।
प्रशासन लोगों की जेब पर डाला डाका
इस मौके पर बलकार सिंह विक्टर ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स लगाकर प्रशासन ने लोगों की जेब पर डाका डालने का काम किया है। इस समय गांव वालों का कोई प्रतिनिधि भी नहीं है। नए-नए टैक्स लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है जबकि गांव की हालत दिन प्रतिदिन खस्ता होती जा रही है। जिन गांवों की कामर्शियल इमारतों में प्रापर्टी टैक्स लगेगा उनमे गांव किशनगढ़, मौलीजागरां, दड़वा, रायपुर कलां, मक्खन माजरा, बहलाना, रायपुर खुर्द, धनास, सारंगपुर, खुड्डा अलीशेर, खुड्डा जस्सू, लाहौरा और कैंबवाला शामिल हैं।