चंडीगढ़। विदेश भेजने का झांसा देकर एक महिला से 20.47 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने लुधियाना निवासी महिला की शिकायत पर इमीग्रेशन एक्ट समेत धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि ब्लू सेफायर इमीग्रेशन एवं एजुकेशनल कोंसुलेट प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर 34ए के प्रबंध निदेशक गुरप्रीत सिंह रंधावा ने कनाडा भेजने के नाम पर उनसे 20,47,810 रुपये ले लिए। उन्होंने 2 मार्च 2019 से 5 दिसंबर 2020 के बीच यह रकम जमा करवाई थी लेकिन न तो रंधावा ने उनका वीजा लगवाया और न ही रकम लौटाई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, सेक्टर-43ए के नवीन गुप्ता के साथ 6,45,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी लगवाने के नाम पर शातिर ने उनसे यह ठगी की है। साइबर अपराध थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में अज्ञात पर मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई और कॉलर ने खुद को टाइम्स ग्रुप डॉट कॉम का कर्मी बताया। उसने शिकायतकर्ता को कहा कि वह उसे नौकरी लगवा देगा। वहीं शिकायतकर्ता से रकम ऐंठते हुए उसे ईमेल पर 22 जून को एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी भेजा। बाद में शिकायतकर्ता को पता लगा कि उसके साथ ठगी की गई। पुलिस अज्ञात की तलाश में जुटी हुई है।