लुधियाना में लगे गैंगस्टर के पोस्टर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जवाहर नगर कैंप में हरिंदरपाल जिंदी की हत्या कर दहशत फैलाने वाले गैंगस्टर सुखविंदर सिंह उर्फ मोनी का पिछले एक सप्ताह से कुछ पता नहीं चल पाया है। एक सप्ताह की जांच के बाद पुलिस को अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि गैंगस्टर मोनी वारदात को अंजाम देने के बाद किस तरफ फरार हुआ है। जिस कार में मोनी फरार हुआ था उस पर लगा नंबर भी जाली था।
अब पुलिस ने गैंगस्टर मोनी के पूरे शहर में जगह जगह पोस्टर चिपकाएं हैं। पुलिस द्वारा चिपकाए पोस्टर में गैंगस्टर को दो मामलों में आरोपी बनाया है। पुलिस ने सूचना देने वाले का नाम गुप्त और एक लाख रुपये इनाम देने का भी जिक्र किया हुआ है।
वारदात को अंजाम देने के बाद अंदेशा था कि आरोपी गैंगस्टर मोनी उत्तराखंड के रुड़की इलाके में फरार हो चुका है। पुलिस की टीम आरोपी का पता लगाने के लिए रुड़की भी गई। वहां की पुलिस के साथ मिल पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी भी की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस ने पंजाब के अलावा राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी टीमें भेजी हैं।
मगर एक सप्ताह तक पुलिस को ऐसा कोई सुराग हाथ नहीं लगा है जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। अब पुलिस महानगर में पोस्टर चिपका कर बता रही है कि पुलिस जिंदी हत्याकांड में कितना गंभीर तौर पर काम कर रही है। जिंदी के परिजन भी पुलिस कमिश्नर से मिले थे और मांग की थी कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, उन्हें भी पुलिस ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई लोगों को संदिग्ध मान कर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था लेकिन आरोपी को कुछ पता नहीं चल पाया।