आज आम बजट पेश होने के साथ एक फरवरी का दिन चंडीगढ़ के लोगों के लिए कुछ अहम बदलाव लेकर आ रहा है। इसमें ट्रैफिक पुलिस के नए नियम, भारी वाहनों की एंट्री सहित सब्जियों पर लगने वाले टैक्स शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण ट्रैफिक पुलिस के नए नियम शामिल हैं। यदि उनका फालो नहीं करेंगे तो ट्रैफिक पुलिस तुरंत शिकंजा कस देगी। आइए एक नजर डालते हैं उन बदलावों पर, जो आज से लागू हो रहे हैं।
1- दिन के वक्त बैन रहेगी भारी वाहनों की एंट्री
चंडीगढ़ की सड़कों पर एक फरवरी से दिन के समय में भारी वाहन नहीं दिखाई देंगे। आदेशों के अनुसार सुबह 6 बजे से रात के 11 बजे तक शहर के एक से 56 सेक्टर के सभी वी2, वी3, वी4, वी5 और वी6 सड़क पर कोई भी भारी वाहन दाखिल नहीं हो सकेगा। प्रशासन की ओर से यह फैसला लोगों की सुरक्षा और भारी वाहनों की वजह से शहर में लगने वाले जाम की स्थिति को देखते हुए लिया गया है।
आपातकालीन सेवाएं जैसे कि स्कूल बस, पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स, फायर सर्विस, अस्पताल, एंबुलेंस, चंडीगढ़ नगर निगम, स्टेट ऑफिस, चंडीगढ़ प्रशासन, इलेक्ट्रिसिटी डिपार्टमेंट आदि के लिए चलने वाली गाड़ियों की एंट्री होगी। 9 जनवरी को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
2- लेन बदलने और गाड़ी खड़ी कर मोबाइल से बात करना पड़ेगा महंगा
मध्यमार्ग, दक्षिण मार्ग और उद्योग पथ पर लेन बदलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आज से शिकंजा कसा जाएगा। लेन बदलते पकड़े जाने पर ट्रैफिक पुलिस चालान काटेगी। पिक एंड ड्राप, सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने पर भी चालान काटा जाएगा। पहली बार नियमों की अवहेलना करने पर 500 रुपये का चालान होगा, जबकि दूसरी बार पकड़े जाने पर चालान की राशि दोगुनी हो जाएगी।
फिलहाल, नए नियम दक्षिण मार्ग, उद्योग पथ और मध्य मार्ग पर लागू हो रहे हैं। चालान से बचने के लिए मध्य मार्ग, दक्षिण मार्ग और उद्योग पथ पर लेन बदलने से बचें। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मोबाइल पर बात न करें। इन मुख्य सड़कों पर पिक एंड ड्रॉप से बचें। सर्विस लेन पर पिक एंड ड्रॉप का इस्तेमाल करें। आपको मोबाइल पर बात करनी है तो सर्विस रोड पर जाएं। लाइट प्वाइंट और चौक पर वाहन रोकते समय लेन मार्किंग का ख्याल रखे।
3. कई सब्जियों पर लगेगी दो फीसदी मार्केट फीस
चंडीगढ़ प्रशासन की मार्केट कमेटी ने मंडी में आने वाली 14 और वस्तुओं पर मार्केट फीस वसूलने का फैसला किया है। अनानास, हरी फूलगोभी (ब्रोकली), सलाद, एवोकाडो (मैक्सिको में पैदा होने वाला नाशपती जैसा फल), नारियल, पिताया, झरबेर (स्ट्रॉबेरी), बेबी कॉर्न, शारदा, चेरी, हरा बादाम, कटहल, खजूर और कीवी पर अब दो प्रतिशत मार्केट फीस वसूली जाएगी। हर साल मंडी में इन 14 कृषि वस्तुओं से 20 से 25 करोड़ रुपये का टर्नओवर होता है। इस पर दो प्रतिशत मार्केट फीस वसूलने से मार्केट कमेटी को 40 से 50 लाख रुपये अतिरिक्त कमाई होगी।