केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और लुधियाना से मौजूदा सांसद मनीष तिवारी के चुनाव लड़ने से इनकार के बाद आलाकमान ने श्री आनंदपुर साहिब से सांसद रवनीत बिट्टू को लुधियाना के रण से उतार दिया है। बिट्टू का बचपन जिला लुधियाना में ही बीता है लेकिन राजनीतिक तौर पर उनके लिए हलका नया है।
विज्ञापन
पंजाब की आर्थिक राजधानी में बिट्टू का मुकाबला काफी कड़ा है। यहां के राजनीतिक समर में शिअद के उम्मीदवार मनप्रीत सिंह अयाली, आप के एचएस फुलका और आजाद उम्मीदवार सिमरजीत सिंह बैंस भी ताल ठोक रहे हैं। इसके बावजूद बिट्टू अपनी जीत के लिए सभी को साथ लेकर चल रहे हैं और सुबह से लेकर रात तक खूब पसीना बना रहे हैं।
अपने धुआंधार प्रचार के दौरान वक्त निकाल पर बिट्टू ने राजीव शर्मा के साथ विशेष बातचीत में अपनी रणनीति और रोड मैप सामने रखा। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश-
विज्ञापन
मनीष तिवारी के मामले पर ये बोले
सवाल- केंद्रीय मंत्री मनीष तीवारी की खराब सेहत के कारण पार्टी हाईक मान ने आप पर भरोसा जताया है, इस नए हलके में कैसे अपनी पैठ बनाएंगे?
जवाब- लुधियाना मेरी जन्मस्थली है। शहर के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में शिक्षा हासिल की है। बचपन लुधियाना में ही बीता है, शहर की गली गली से वाकिफ हूं। हां, मनीष जी की खराब सेहत के कारण पार्टी ने लुधियाना सीट से टिकट दिया है।
मेरी पूरी कोशिश है कि इस सीट पर जीत दर्ज करके पार्टी के हाथ मजबूत करूं। अब मैं अपने घर आ गया हूं, हुण आनंदपुर साहिब दी वापसी नहीं होणी।
पार्टी में गुटबाजी के विषय पर ये कहा
सवाल- पार्टी में धड़ेबंदी चरम पर है, ऐसे में जीत का रास्ता कैसे आसान होगा?
जवाब- किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं है। सभी विधायकों, पार्षदों, जिला पदाधिकारियों और आम कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। चुनावी रण को जीतने के लिए सभी एकजुट हैं और अपनी अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
सभी के सहयोग से ही लुधियाना संसदीय सीट पर कांग्रेस अपना इतिहास दोहराएगी। मनीष तिवारी के सपनों को सभी के प्रयासों से आगे बढ़ाया जाएगा।
लुधियाना के बारे में यह विचार हैं बिट्टू के
सवाल- लुधियाना को कहां तक समझा है और शहर की क्या प्रमुख समस्याएं हैं ? जवाब- अकाली दल एवं भाजपा की सरकार के दौरान लोगों की तकलीफें बढ़ी हैं। मनीष तिवारी ने अपने कार्यकाल में बुड्ढे नाले को साफ करने के लिए सौ करोड़ रुपये केंद्र से मंजूर कराए लेकिन सूबा सरकार ने इन फंडों का सही इस्तेमाल नहीं किया। अकाली सरकार ने बठिंडा के अलावा कहीं पर भी विकास नहीं कराया।
इसके अलावा शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर काफी कमजोर है, उद्योग को सहूलियतें नहीं, पुख्ता हवाई सेवा का इंतजाम नहीं, सेहत सेवाएं लचर हैं, कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। ट्रैफिक का बुरा हाल है, प्रदूषण में लुधियाना देश का अग्रणी शहर है।
चुनाव प्रचार के बारे में ऐसा कहा
सवाल- किन वादों के साथ आप जनता के बीच जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं? जवाब- शहर के लोगों को बेहतर सेहत सुविधाओं के लिए पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर नया अस्पताल लुधियाना में लाया जाएगा। इसके अलावा बुड्ढे नाले की सफाई करा उसके जल को निर्मल किया जाएगा। औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए केंद्र से विशेष पैकेज लाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा पीने के पानी, सीवरेज और सड़कों की हालत बेहतर बनाने के लिए ठोस उपाय किए जाएंगे। उद्योगों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग के लिए एग्जिबिशन सेंटर बनाने की दिशा में काम किए जाएंगे। शहर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने का काम किया जाएगा।
सवाल- इंडस्ट्री और लोगों को राहत दिलाने के लिए आप क्या प्रयास करेंगे? जवाब- इंडस्ट्री में वैट रिफंड को लेकर काफी बेचैनी व्याप्त है। इंडस्ट्री और ट्रेड का करोड़ों रुपये का राजस्व आबकारी एवं कराधान विभाग के पास अटका हुआ है।
उद्योगों को रिफंड दिलाने के लिए चुनाव के बाद धरना दिया जाएगा। इसके अलावा आम आदमी प्रापर्र्टी टैक्स से परेशान है। इस टैक्स ने मकान मालिकों को ही किराएदार बना दिया। इसके खिलाफ भी आवाज उठाई जाएगी।