सेक्टर-20 के कम्युनिटी सेंटर में कांग्रेस की ओर से शनिवार को टी पार्टी आयोजित हो रही है।
इसमें कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में स्थानीय सांसद और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन कुमार बंसल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की गले मिलेंगे।
इस टी पार्टी में चाय के बहाने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह बताया जाएगा कि कांग्रेस में किसी तरह की फूट नहीं है और सब एकजुट हैं।
बीते माह बंसल के खिलाफ बगावत पर उतने वाले लक्की और बंसल के बीच दूरियां कुछ दिनों पहले चाहे दूर हो गई थीं, लेकिन शनिवार को पहली बार सबके सामने यह दिखाया जाएगा कि बंसल और लक्की के बीच अब किसी तरह के मतभेद नहीं है।
इस टी पार्टी के आयोजकों में लक्की भी शामिल हैं और बंसल की ओर से दिए गए समय के बाद ही पांच बजे टी पार्टी तय की गई है।
लक्की ने 27 जनवरी को सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ कांग्रेस इलेक्शन कमेटी की बैठक से पहले आल इंडिया कांग्रेस के महासचिव और चंडीगढ़ के इंचार्ज शकील अहमद से मिलकर सिर्फ पवन बंसल का ही नाम इस सीट से प्रस्तावित करने पर विरोध जताया था।
लक्की ने साफ कह दिया था कि बंसल के अलावा चाहे किसी को भी टिकट दे दी जाए। इसके बाद कमेटी ने इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मंगवाए और कांग्रेस से छह उम्मीदवारों ने आवेदन किया।
बाद में शकील अहमद की अध्यक्षता में हुई बैठक में कमेटी के सभी सदस्यों ने बंसल के नाम पर ही सहमति जताई। हालांकि कमेटी ने सभी छह उम्मीदवारों के नाम हाईकमान को भेज दिए थे।
इस बैठक के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में यह संदेश चला गया था कि बंसल को ही चंडीगढ़ से लोकसभा की टिकट मिलेगी। 15 सालों में पहली बार एसा हुआ था, जिससे कांग्रेस के कई पुराने कार्यकर्ता परेशान भी हुए।
इस पूरे घटनाक्रम से शहर में कांग्रेस की काफी किरकिरी हुई थी और कांग्रेस में इस फूट को विपक्षी पार्टी भुनाने में जुट गई थी। इसके बाद शुरू हुआ बंसल और लक्की के बीच समझौता कराने का दौर।
कई बड़े स्तर के स्थानीय कांग्रेस नेता इस काम में जुट गए। बंसल के खिलाफ जिन अन्य नेताओं ने बगावत की थी उन्होंने भी बंसल से नई दिल्ली में मिलकर उनके माफी मांगी। लक्की ने भी कह दिया कि जो भी गलतफहमी थी उसे दूर की ली गई है।