तरनतारन में राष्ट्रीय मार्ग-54 पर स्थित कस्बा ठट्ठियां महंता में एक्सिस बैंक से शुक्रवार को दोपहर स्विफ्ट कार सवार चार लुटेरे छह लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात का पता चलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। बताया जाता है कि लुटेरों ने बैंक में दाखिल होते ही गार्ड को दबोच लिया और हथियारों के बल पर कैशियर से छह लाख की नकदी लूट ले गए। आरोपी बिना नंबर की कार में आए थे। जाते वक्त लुटेरे बैंक में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़कर साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
राजस्थान-जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय मार्ग-54 पर कस्बा ठट्ठियां महंता में एक्सिस बैंक की शाखा है। शाखा में मनदीप कौर बतौर कैशियर तैनात है। बैंक मैनेजर लखविंदर सिंह ने बताया कि यहां कोई गार्ड तैनात नहीं है। बैंक में दोपहर 2:19 पर चार नकाबपोश जब दाखिल हो रहे थे तो उन्हें नकाब उतारने को कहा। इतने में चारों आरोपियों ने पिस्टल निकाल ली और अंदर घुसते हुए स्टाफ को जान से मारने की धमकियां दी। दो बदमाश कैशियर मनदीप कौर के काउंटर पर चले गए और पिस्तौल कनपटी पर रखकर छह लाख की नकदी लूट ली।
बदमाश बैंक में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़कर साथ ले गए। जानकारी मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई लेकिन कुछ हाथ नहीं लग पाया। मौके पर एसपी (आई) जगजीत सिंह वालिया, सब डिवीजन पट्टी के डीएसपी कंवलप्रीत सिंह मंड, थाना सरहाली के प्रभारी एसआई लखबीर सिंह और ड्यूटी अधिकारी सेवक सिंह पहुंचे। पुलिस ने मैनेजर लखविंदर सिंह के बयान पर लूट का केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।